विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कहीं वोट, तो कहीं सरकार ही चुरा ली गई...' दीपेंद्र हुड्डा ने सरकार पर बोला हमला; CEC ज्ञानेश कुमार से मांगा इस्तीफा

Published: Sun, 27 Sep 2026 07:00 AM (IST)

सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा चुनावों में वोट चोरी और धांधली का आरोप लगाते हुए भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा।

चुनाव आयोग भाजपा आयोग बना, सीईसी ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें: दीपेंद्र हुड्डा।

चुनाव आयोग भाजपा आयोग बना, सीईसी ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें: दीपेंद्र हुड्डा।

HighLights

  1. दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा चुनावों में वोट चोरी का आरोप लगाया।

  2. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।

  3. हरियाणा में दोबारा विधानसभा चुनाव कराने की वकालत की।

संवाद सूत्र, सफीदों/जुलाना। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कहीं वोट चोरी, कहीं सांसद चोरी, कहीं विधायक चोरी हो रही है। हरियाणा में तो पूरी की पूरी सरकार ही चुरा ली गई। चुनाव के दो दिन बाद सात प्रतिशत वोट कैसे बढ़ गए।

इसका जवाब आज तक कोई नहीं दे पाया। चुनाव आयोग भाजपा आयोग बन गया, मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। दीपेंद्र हुड्डा शनिवार को सफीदों, पिल्लूखेड़ा व जुलाना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि हम लगातार कहते रहे कि वोट चोरी की बड़ी साजिश को अंजाम देकर भाजपा ने सरकार बनाई है। संविधान प्रदत्त जनता के मताधिकार से खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं है। जब जनभावना को साजिश और षड़यंत्र से हराया जाए तो अगली बार जनता लंबा हिसाब करती है।

तीन में से दो चुनाव आयुक्तों के रहस्योद्घाटन के बाद स्पष्ट हो गया है कि भाजपा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मिलीभगत करके हरियाणा चुनावों में बड़े स्तर पर धांधली की। अगर हरियाणा विधानसभा को भंग करके प्रदेश में दोबारा चुनाव नहीं कराए गए तो चुनाव प्रणाली से जनता का विश्वास खत्म हो जाएगा। दीपेंद्र हुड्डा ने मांग की कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें व प्रधानमंत्री इस पर जवाब दें।

'हर चीज गुजरात में ही क्यों, हरियाणा में क्यों नहीं'

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि बुलेट ट्रेन, कामनवेल्थ खेल, क्रिकेट वर्ल्ड कप का फाइनल, वर्ल्ड पुलिस खेल, डिफेंस यूनिवर्सिटी समेत हर चीज गुजरात में ही क्यों, हरियाणा में क्यों नहीं। सरकार को राजधर्म निभाना चाहिए, राज्य धर्म नहीं।

शाहाबाद में हाकी स्टेडियम बने, कुश्ती का अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम सोनीपत या रोहतक में बने, बॉक्सिंग का भिवानी में बने, एथलेटिक्स, जेवलिन का अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पानीपत या करनाल में बने। जब देश के कुल मेडल में से आधे से ज्यादा मेडल हरियाणा के खिलाड़ी लेकर आ रहे तो स्टेडियम यहां बनने चाहिए।