विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दूध 100 तो घी 1500 रुपये लीटर... हरियाणा में डेयरी संचालकों ने बढ़ाए रेट; बढ़ती महंगाई का दिया हवाला

Published: Mon, 31 Aug 2026 03:43 PM (IST)

जुलाना के डेयरी संचालकों ने बढ़ती महंगाई के कारण भैंस का दूध 100 रुपये और घी 1500 रुपये प्रति लीटर करने का फैसला किया है।

जुलाना में डेयरी संचालकों ने भैंस का दूध 100 और घी 1500 रुपये लीटर करने का लिया निर्णय।

जुलाना में डेयरी संचालकों ने भैंस का दूध 100 और घी 1500 रुपये लीटर करने का लिया निर्णय।

HighLights

  1. जुलाना में भैंस का दूध 100 रुपये प्रति लीटर हुआ

  2. घी के दाम 1500 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किए गए

  3. पशु चारे की बढ़ती लागत मुख्य कारण बताया गया

जागरण संवाददाता, जींद/जुलाना। महंगाई के कारण पशुपालक व डेयरी संचालक दूध के रेट बढ़ाने की तैयारी में हैं। जुलाना में डेयरी संचालकों ने भैंस का दूध 100 रुपये और घी 1500 रुपये लीटर करने का फैसला किया है। कुछ गांवों में पशुपालक भी भैंस के दूध का रेट 100 रुपये और गाय का 80 रुपये लीटर करने की कह रहे हैं।

रविवार को जुलाना की अग्रवाल धर्मशाला में डेयरी संचालकों की बैठक प्रधान मनोज की अध्यक्षता में हुई। बैठक में बढ़ती महंगाई और डेयरी कारोबार में बढ़ रही लागत को लेकर चर्चा की गई। डेयरी संचालकों ने सर्वसम्मति से दूध और घी के नए भाव निर्धारित करने का निर्णय लिया।

प्रधान मनोज ने कहा कि पिछले कुछ समय से पशुओं के चारे और अन्य सामान के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। भैंसों को खिलाई जाने वाली खल का कट्टा पहले करीब 1800 रुपये में मिलता था। अब इसके भाव बढ़कर करीब 3000 रुपये प्रति कट्टा हो गए हैं। सरसों के तेल सहित पशुओं के लिए इस्तेमाल होने वाले अन्य आहार की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

बढ़ती लागत के कारण डेयरी संचालकों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति पैदा हो रही है। बैठक में डेयरी संचालकों ने विचार-विमर्श के बाद भैंस के दूध का भाव 100 रुपये प्रति लीटर और गांव के दूध का भाव 80 रुपये प्रति लीटर निर्धारित करने का निर्णय लिया।

वहीं, भैंस के घी का भाव 1500 रुपये और गाय के घी का भाव 2500 रुपये प्रति लीटर करने पर सहमति बनी। अगर कोई भी डेयरी संचालक इससे कम भाव में दूध या घी बेचता पाया जाता है, तो उसे 21000 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। इस मौके पर संजय, कुलजीत, अनिल, मनोज, कुलदीप मौजूद रहे।

जलालपुर में भी रेट बढ़ाने की तैयारी

जलालपुर कलां में रविवार को दूध के रेट बढ़ाने को लेकर कुछ पशुपालक एकत्रित हुए। पशुपालक सुभाष, सुरेश, अमन, संदीप, अंग्रेज सिंह ने बताया कि खल व बिनौला काफी महंगा हो गया है।

वहीं, भैंस भी डेढ़ गुणा तक महंगी हो गई हैं। इसलिए मौजूदा रेट में दूध बेचना घाटे का सौदा साबित हो रहा है। एक सितंबर से भैंस का दूध 100 रुपये और गाय का दूध 80 रुपये लीटर करने का फैसला किया है। बाकी पशुपालकों से भी इस संबंध में बात की जा रही है।

वीटा प्लांट ने दो रुपये रेट बढ़ाने की सिफारिश मुख्यालय भेजी

दूसरी तरफ जींद वीटा प्लांट ने भी दो रुपये प्रति लीटर दूध (10 फैट पर) बढ़ाने की सिफारिश मुख्यालय भेजी हुई है। वीटा प्लांट पशुपालकों को 78 रुपये प्रति लीटर (10 फैट पर) देता है।

वीटा प्लांट के सीईओ नरेंद्र धानिया ने कहा कि पशुपालकों द्वारा दूध के रेट बढ़ाने को लेकर उनके पास कोई जानकारी नहीं है, लेकिन प्लांट ने पहले ही रेट में दो रुपये की बढ़ोतरी करके 80 रुपये करने के लिए मुख्यालय को लिखा हुआ है।

इसके अलावा गर्मियों में पांच रुपये और सर्दियों में तीन रुपये सब्सिडी प्रति लीटर दूध पर सरकार की तरफ से दी जाती है। ये सब्सिडी फैट के हिसाब से मिलती है। 1.80 लाख रुपये से कम आय वाले पशुपालकों को प्रति लीटर दूध 10 रुपये सब्सिडी दी जाती है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दूध पर दी जानी वाली सब्सिडी गर्मियों में पांच से बढ़ाकर सात रुपये करने और सर्दियों में तीन से बढ़ाकर पांच रुपये करने की घोषणा की हुई है।