विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जींद में CIA टीम की बड़ी कार्रवाई, 11 करोड़ रुपये से ज्यादा की हेरोइन के साथ दो गिरफ्तार

Published: Thu, 20 Aug 2026 10:01 AM (IST)

सीआईए टीम ने जींद में उझाना-पीपलथा रोड पर दो आरोपियों को 5.7 किलो हेरोइन के साथ पकड़ा है।

11 करोड़ रुपये से ज्यादा की हेरोइन के साथ दो गिरफ्तार (फोटो: जागरण)

11 करोड़ रुपये से ज्यादा की हेरोइन के साथ दो गिरफ्तार (फोटो: जागरण)

जागरण संवाददाता, जींद। सीआइए टीम ने उझाना-पीपलथा रोड पर दो आरोपितों को काबू कर उनके पास से पांच किलो 700 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 11 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

जिले में पहली बार इतनी बड़ी रकम का नशा पकड़ा गया है। आरोपित बलजीत और लवप्रीत गांव पीपलथा के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लिया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित केवल सप्लाई करने वाले हैं, यह हेरोइन किसी और की है।

मुख्य आरोपित तक पहुंचने के लिए गहनता से जांच की जा रही है। एसपी कुलदीप सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वैसे तो यह पुलिस की बड़ी सफलता है, इतनी भारी मात्रा में नशे की खेप पकड़ी गई है।

लेकिन यह चिंता का विषय भी है कि इतनी भारी मात्रा में नशा जिले में सप्लाई हो रहा है। सीआइए इंस्पेक्टर यादवेंद्र सिंह ने बताया कि वह मंगलवार शाम को उझाना बस अड्डा के पास गश्त पर थे। उन्हें सूचना मिली कि दोनों आरोपित उझाना से पीपलथा रोड, धमतान साहिब माइनर के पास नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में खड़े हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर दोनों युवक हाथ में लिए ट्राली बैग को लेकर तेजी से चलने लगे। पुलिस ने दोनों को तुरंत काबू कर लिया। जब ट्राली बैग की तलाशी ली तो उसमें से 5.7 किलो हेरोइन बरामद हुई। दोनों के खिलाफ गढ़ी थाना में मामला दर्ज किया गया है।