भाग मिल्खा भाग फिल्म का लोको पायलट कोरोना पॉजिटिव
जागरण संवाददाता जींद भाग मिल्खा भाग फिल्म में लोको पायलट का रोल अदा करने वाला हकीकत नगर
जागरण संवाददाता, जींद : भाग मिल्खा भाग फिल्म में लोको पायलट का रोल अदा करने वाला हकीकत नगर जींद का रेलवे से सेवानिवृत कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिला है। 61 वर्षीय व्यक्ति रेलवे से सेवानिवृत होने के बाद दिल्ली में ठेके पर लोको पालयट के पद पर लगा हुआ है। 29 मई को वह दिल्ली से वापस अपने घर आया था। 31 मई को अचानक ही उसके बुखार हो गया। इसके बाद निजी अस्पताल से दवाई ले ली और उससे कुछ आराम हो गया। बाद में उसकी तबीयत बिगड़ती गई। दिल्ली से लौटे रेलवे कर्मी को कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद स्वजनों ने उसका 11 जून को नागरिक अस्पताल में सैंपल करवाया। शनिवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस दौरान उसके संपर्क में परिवार के आठ सदस्य आए हैं। सेवानिवृत कर्मचारी ने भाग मिल्खा भाग में लोको पायलट का रोल किया था। उसके बाद वह सुर्खियों में आ गया था। आइसोलेशन वार्ड से फरार होने का आरोपित हुआ ठीक
नागरिक अस्पताल के तीसरी मंजिल पर बने आइसोलेशन वार्ड से रस्सी के सहारे कूदकर फरार होने वाला आरोपित की शनिवार को दूसरी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। दूसरी रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे छुट्टी दे दी और एंबुलेंस के माध्यम से उसे घर छोड़कर आए। पांच दिन पहले आरोपित अस्पताल से फरार हो गया था और दोबारा से जुलाना से उसे काबू किया था।
जिले में एक्टिव केसों की संख्या हुई 45
जिले में कोरोना एक्टिव केसों की संख्या 45 हो गई है। जिले में कोरोना पॉजिटिव के 76 मामले सामने आए हैं। इसमें से 28 लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं, जबकि तीन लोगों की मौत हुई है। सिविल सर्जन डा. मनजीत सिंह ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव को उनके घर पर रखा गया है और डाक्टरों की टीम कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में है।