जाटलैंड मेंं भाजपा का पंजाबी कार्ड, कृष्ण मिडढा को बनाया प्रत्याशी, मांगेराम पर 'सस्पेंस' समाप्त
जींद उपचुनाव के लिए सभी दलों में सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा ने कृष्ण मिड्ढा को अपना प्रत्याशी बनाने का फैसला किया है। वहीं मांगेराम गुप्ता पर सस्पेंस की स्थिति समाप्त हो गई है।
चंडीगढ़/ जींद, जेएनएन। जींद विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए राजनीति दलों में सरगर्मी चरम पर है। भाजपा ने उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार तय कर लिया है। भाजपा ने कृष्ण मिड्ढा को अपना प्रत्याशी बनाने की घोषणा की है। इस तरह भाजपा ने जाटलैंड में पंजाबी कार्ड खेला है। दूसरी ओर पूर्व मंत्री मांगेराम गुप्ता पूरे चुनावी परिदृश्य में सस्पेंस बन गए थे, लेकिन उन्होंने इसे स्वयं समप्त कर दिया है। बताया जाता है कि उनको कांग्रेस, जननायक जनता पार्टी और इनेलो तीनों दल प्रत्याशी बनाने की कोशिश में थे। मांगेराम गुप्ता ने कहा है कि सभी दल उन्हें ऑफर दे रहे हैं, लेकिन वह चुनाव नहीं लड़ेंगे।
जननानयक जनता पार्टी और इनेलो एक दूसरे के उम्मीदवारों की घोषणा का इंतजार करते हुए बृहस्पतिवार को अपने पत्ते खोलेंगे। कांग्रेस में बुधवार देर रात तक भी टिकट के लिए किसी सर्वमान्य उम्मीदवार पर सहमति नहीं बन सकी थी, लेकिन पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश जेपी के बेटे विकास सहारण जेपी पर दांव खेलने की चर्चाएं हैैं।
भाजपा ने बुधवार शाम जींद उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशी की घोषणा की। पार्टी ने पूर्वानुमान को सही साबित करते हुए कृष्ण मिड्ढा को अपना उम्मीदवार बनाने का फैसला किया। कृष्ण मिड्ढा जींद से पूर्व विधायक डॉ. हरिचंद मिड्ढा के बेटे हैं। जींद में उपचुनाव डॉ. हरिचंद मिड्ढा के निधन के कारण ही हो रहा है। डॉ. हरिचंद मिड्ढा इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के विधायक थे, लेकिन उनके पुत्र कृष्ण मिड्ढा कुछ दिनों पहले ही भाजपा में शामिल हुए थे।
भाजपा के प्रदेश सचिव जवाहर सैनी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जताई नाराजगी
दूसरी ओर, कृष्ण मिड्ढा़ को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद भाजपा में विरोध के स्वर भी सामने आए हैं। भाजपा के प्रदेश सचिव जवाहर सैनी ने इस पर नाराजगी जताई है और अपने फ़ेसबुक पेज पर पोस्ट डाल कर अपना विरोध जताया है। जवाहर सैनी जींद उपचुनाव के लिए भाजपा के उम्मीदवारों की फेहरिस्त में शामिल थे। टिकट न मिलने से नाखुश जवाहर सैनी ने अपने फेसबुक पर एक पोस्ट किया है। उन्होंने इसमें लिखा है, ' पार्टी में मेरी 32 साल की समर्पित मेहनत पर दो महीने भारी पड़े, मेरा क्या कसूर था।'
मांगेराम गुप्ता बोले- सभी दलों से ऑफर लेकिन नहीं लड़ूंगा जींद उपचुनाव
उधर जींद के चुनावी परिदृश्य में पूर्व मंत्री मांगेराम गुप्ता एक सस्पेंस बन गए थे। उनको कभी कांग्रेस का टिकट दिए जाने की बात होती रही तो कभी जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) द्वारा उम्मीदवार बनाने की बात सामने आती रही। इन सबके बीच मांगेराम गुप्ता ने कहा है कि वह किसी भी पार्टी से यह उप चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा, जननायक जनता पार्टी, इनेलो-बसपा गठबंधन और कांग्रेस चारों ने उनसे चुनाव लड़ने के लिए संपर्क किया था, लेकिन वह उपचुनाव नहीं लड़ेंगे।
राजनीतिक विश्लेषण करते हुए मांगेराम गुप्ता ने साफ तौर पर यह भी कहा कि जींद उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और जननायक जनता पार्टी के बीच होगा। बातों ही बातों में मांगेराम गुप्ता ने यह भी साफ कर दिया जींद उपचुनाव में तीसरे नंबर पर कांग्रेस रहेगी और चौथे नंबर पर इनेलो बसपा गठबंधन।
मांगेराम गुप्ता ने यह भी कहा कि जींद उपचुनाव में वह किसी के पक्ष में प्रचार करने के लिए नहीं जाएंगे। जो उनके घर आएगा उसको जरूर आशीर्वाद देंगे। उन्होंने कहा, इनेलो के नेता अभय सिंह चौटाला ने भी मुझसे संपर्क किया था कि 9 जनवरी की रात तक रुक जाएं, किसी पार्टी की टिकट न लें। मैंने उससे भी साफ तौर पर चुनाव नहीं लड़ने के लिए कह दिया है।
-------
सोशल मीडिया पर हुआ जेजेपी से दिग्विजय और इनेलो से अर्जुन चौटाला के लड़ने का प्रचार
भाजपा का उम्मीदवार घोषित होने के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग चर्चाएं चलती रहीं। जननायक जनता पार्टी से सांसद दुष्यंत चौटाला के भाई दिग्विजय सिंह चौटाला के चुनाव मैदान में उतरने की संभावना जताई जा रही है। उनका नाम आते ही इनेलो से अभय सिंह चौटाला के बेटे अर्जुन चौटाला का नाम चल पड़ा। हालांकि दोनों दलों ने अभी तक न तो दिग्विजय का नाम घोषित किया और न ही अर्जुन चौटाला के नाम का ऐलान किया गया है। दोनों दल एक दूसरे के उम्मीदवार की बाट जोह रहे हैैं।
बृहस्पतिवार को नामांकन का आखिरी दिन है। लिहाजा दोनों दल सुबह दस बजे तक अपनी अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर देंगे। दोनों दलों ने कई दावेदारों के कागज भरवाकर अपने पास रखे हुए हैैं। भाजपा सांसद राजकुमार सैनी की पार्टी लोकतंत्र रक्षा पार्टी की ओर से विनोद आश्री पहले ही नामांकन कर चुके हैैं।