अभय चौटाला जुबां के धनी, किसानों के लिए हर बलिदान को तैयार
इनेलो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कर्ण सिंह चहल अलेवा ने कहा कि चौ. अभय सिंह चौटाला ने किसानों के हित में अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष को सौंप दिया है।
जागरण संवाददाता, जींद : इनेलो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कर्ण सिंह चहल अलेवा ने कहा कि चौ. अभय सिंह चौटाला ने किसानों के हित में अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष को सौंप दिया है। अब तक प्रदेश के 90 में से किसी विधायक में इतनी हिम्मत नहीं हुई कि भाजपा सरकार के जुल्मों के खिलाफ और किसानों के हित में अपनी कुर्सी छोड़ दें। लेकिन विपक्षी व सत्ता के लोग कह रहे हैं कि अभय सिंह चौटाला ने इस्तीफा देकर ढोंग किया है। जबकि अभय चौटाला जुबान के धनी हैं। यह तो इस्तीफे की बात है। वे किसानों के लिए इससे बड़ा बलिदान करने के लिए भी तैयार हैं।
शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कर्ण सिंह अलेवा ने कहा कि अभय चौटाला ने ऐलनाबाद हलके के दौरे पर किसानों व मतदाताओं से इस्तीफा देने के बारे में पूछा था। किसानों ने कहा कि वे इस्तीफा देकर सरकार पर दबाव बनाएं, दोबारा उन्हें और बड़ी जीत देकर विधानसभा में भेजेंगे। कर्ण सिंह अलेवा ने कहा कि 27 जनवरी को अभय चौटाला का इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता के पास पहुंच जाएगा। दो लाइन के इस्तीफे में यही लिखा जाएगा कि किसानों के हित में वह अपना इस्तीफा दे रहे हैं। स्पीकर चाहे उसे कभी भी मंजूर कर लें। अभय चौटाला करीब 800 ट्रैक्टरों के साथ सिरसा से निकले थे। दो दिन में उनका काफिला टीकरी बॉर्डर पहुंचा था। वहां भी उन्होंने किसानों के बीच कहा था कि वे 26 जनवरी को इस्तीफा दे देंगे।
इनेलो के जिला प्रधान रामफल कुंडू ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों पर अत्याचार कर रही है। कड़ाके की ठंड में 60 से ज्यादा किसान मर चुके हैं, लेकिन मोदी व खट्टर ने सांत्वना का एक शब्द भी नहीं बोला है। किसानों के प्रति इतना गूंगा-बहना प्रधानमंत्री कभी नहीं देखा है। अब यह आंदोलन किसानों का न होकर, 36 बिरादरी का हो चुका है। कुंडू ने कहा कि कृषि कानूनों से सबसे ज्यादा नुकसान किसानों के बजाय दूसरे उपभोक्ताओं को होगा। इसलिए सबको किसानों के समर्थन में पूरे तन-मन-धन से आ जाना चाहिए। आज खटकड़ टोल पहुंचेंगे अभय
इनेलो नेता कर्ण अलेवा ने बताया कि शनिवार को चौ. अभय चौटाला खटकड़ टोल प्लाजा पर आएंगे। यहां किसानों को समर्थन देंगे। जींद जिले से हजारों ट्रैक्टर उनके स्वागत में पहुंचेंगे। अभय चौटाला की अगुआई में इनेलो कार्यकर्ता व किसान टीकरी बॉर्डर पर पहुंचेंगे। कर्ण सिंह ने कहा कि चौ. देवीलाल की विरासत अभय चौटाला के पास ही आएगी। वह जो कहते हैं, उसे करते हैं। इनेलो का कुणबा लगातार बढ़ रहा है और मजबूत हो रहा है।