जुलाना में युवक की गोली मारकर हत्या, गोली लगने के बाद भागने का किया युवक ने प्रयास
जुलाना में 22 वर्षीय कृष्ण उर्फ डैनी की कार सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस मामले की ...और पढ़ें

HighLights
जुलाना में 22 वर्षीय कृष्ण उर्फ डैनी की हत्या
कार सवार बदमाशों ने गोली मारकर वारदात को अंजाम दिया
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, आरोपितों की तलाश जारी
जागरण संवाददाता, जींद। जुलाना में 22 वर्षीय गांव करेला निवासी युवक कृष्ण उर्फ डैनी की रात को कार सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। कृष्ण पूर्व सैनिक जगदीश का बेटा है। जुलाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्वजन युवक को पीजीआइ रोहतक में लेकर गए, वहां जाते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जगदीश अपने परिवार के साथ पिछले कुछ महीनों से जुलाना में ही रहता है।
उसका बेटा कृष्ण रात को अपने कुछ साथियों के साथ पार्टी करने के लिए एक होटल में गया था। रात लगभग 11 बजे वह वापस अपने घर जा रहा था। जुलाना में जब वह पुराना बस स्टैंड के पास पहुंचा तो कार सवार कुछ युवकों ने उसे आवाज देकर बुलाया। जब कृष्ण उनकी तरफ गया तो एक युवक ने उस पर गोली चला दी। गोली कृष्ण की छाती में लगी। इसके बाद घायल कृष्ण ने भागने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ ही दूरी पर गिर गया।
इसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर कुछ लोग मौके पर पहुंचे और कृष्ण के स्वजनों व पुलिस को सूचना दी। स्वजन कृष्ण को लेकर पीजीआइ रोहतक गए, लेकिन यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जुलाना थाना प्रभारी कमल सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवकों की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है। स्वजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
फिलहाल गोली क्यों और कैसे चलाई इसकी जानकारी नहीं मिली है। वैसे कुछ दिन पहले कृष्ण उर्फ डैनी का गांव के ही एक युवक के साथ झगड़ा भी हुआ था।
