जुलाना मंडी धान से अटी, किसान सड़कों पर उतारने को मजबूर
संवाद सूत्र, जुलाना : अनाज मंडी में धान की आवक तेज और उठान का काम धीमा होने के कारण
संवाद सूत्र, जुलाना : अनाज मंडी में धान की आवक तेज और उठान का काम धीमा होने के कारण मंडी धान से अटी पड़ी है। किसानों को धान सड़क पर उतारने पर मजबूर होना पड़ रहा है। मंडी आढ़ती प्रधान राजपाल ने कहा कि मंडी में रात के समय बिजली के कट लगने से अंधेरा छा जाता है और चोरी होने का खतरा बढ़ जाता है। मंडी में शेड कम होने के कारण सड़कों पर ही किसानों को धान को उतारना पड़ रहा है। आढ़तियों की मांग है कि मंडी में काफी जगह है। वहां पर शेड बनाया जाए, ताकि किसानों को धान को खुले आसमान के नीचे ना उतारना पड़े। मंडी में रविवार देर सायं तक 3 लाख 86 हजार 505 क्विंटल धान की खरीद हो चुकी थी। 1509 धान 1 लाख 25 हजार 920 क्विंटल, पीआर धान 845 क्विंटल, सरबती 8 हजार 640 किवंटल और बासमती की आवक सबसे ज्यादा 2 लाख 51 हजार 100 क्विंटल की आवक मंडी में अब तक हुई है। मंडी में आवक तेज होने के कारण धान की खरीद नहीं हुई, केवल उठान का काम ही जारी रहा। सोमवार को एजेंसियों द्वारा धान को खरीदा गया और भाव में भी 100 से 125 रुपये की गिरावट आई। मंडी में 1121 को 3500, पीआर को 1750 से 1770, सरबती को 2100 से 2200 तक व 1509 को 2900 से 3000 तक खरीदा गया।