जींद के नेशनल हाईवे 152-डी पर शराब तस्करी का भंडाफोड़, 1000 पेटियां जब्त; दो गिरफ्तार
जींद में सीआईए टीम ने नेशनल हाईवे 152-डी पर एक ट्रक से चंडीगढ़ से राजस्थान जा रही एक हजार शराब की पेटियां बरामद की हैं।
-1791283322019_m.webp)
जींद के नेशनल हाईवे 152-डी पर शराब तस्करी का भंडाफोड़ (जागरण फोटो)
HighLights
जींद में नेशनल हाईवे 152-डी पर शराब की पेटियां बरामद।
चंडीगढ़ से राजस्थान जा रही एक हजार शराब की पेटियां जब्त।
पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, जींद : सीआइए टीम ने नेशनल हाइवे 152-डी पर जामनी टोल के पास एक ट्रक से एक हजार शराब की पेटियां बरामद की हैं। पुलिस ने ट्रक के साथ दो आरोपितों मध्यप्रदेश के जिला दतिया के गांव जोहरिया निवासी 31 वर्षीय निलेश व 21 वर्षीय लखपत यादव को काबू किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि यह शराब चंडीगढ़ से राजस्थान जा रही थी।
डीएसपी ऋषभ सोढ़ी ने बताया कि सीआइए टीम प्रभारी यादवेंद्र सिंह को सूचना मिली कि चंडीगढ़ से भारी मात्रा में शराब की तस्करी की जा रही है। यह शराब राजस्थान में पहुंचाई जा रही है। सूचना के आधार पर सीआइए टीम ने अंबाला-नारनौल नेशनल हाईवे 152-डी पर जामनी टोल के आसपास नाका लगा दिया और वाहनों की जांच करने लगी। पुलिस को एक ट्रक आता दिखाई दिया, जो सूचना के अनुसार लग रहा था। पुलिस ने उसे रुकवाकर चालक-परिचालक से उसके कागजात मांगें। आरोपितों ने बताया कि उनके ट्रक में प्लास्टिक दाने की पेटियां भरी हुई हैं, जो वह राजस्थान लेकर जा रहे हैं। पुलिस ने जब बिल की जांच की तो वह फर्जी महसूस हुआ। जब ट्रक में लोड पेटियों की जांच की तो उनमें शराब मिली। पुलिस ने ट्रक में मौजूद मध्यप्रदेश के जिला दतिया के गांव जोहरिया निवासी 31 वर्षीय निलेश व 21 वर्षीय लखपत यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब ट्रक की तलाशी ली तो उसमें एक हजार शराब की पेटियां बरामद हुई। इन शराब की पेटियों पर बैच नंबर, मैन्युफैक्चरिंग डिटेल व होलोग्राम की डिटेल मिटाई गई थी। पूरे ट्रक पर काले रंग का तिरपाल लगाया गया था। पुलिस ने ट्रक के अंदर से 602 पेटी रायल स्टेग व 398 पेटी मेकडावल नंबर-1 अंग्रेजी शराब की मिली। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
