विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जींद में पत्नी ने नहीं दी शराब की बोतल, तो पति ने घर में लगा दी आग; बुरी तरह झुलसी महिला

Published: Tue, 25 Aug 2026 06:41 PM (GMT+05:30)

जींद के अहिरका गांव में शराब की बोतल न देने पर पति ने घर में आग लगा दी, जिससे पत्नी रोशनी झुलस गई और घरेलू सामान जल गया।

पत्नी ने शराब की बोतल नहीं दी, तो पति ने मारपीट कर घर में लगाई आग।

पत्नी ने शराब की बोतल नहीं दी, तो पति ने मारपीट कर घर में लगाई आग।

HighLights

  1. शराब की बोतल न देने पर पति ने घर में आग लगाई

  2. आगजनी में पत्नी रोशनी झुलसी, घरेलू सामान भी जला

  3. पति सिंदर और दोस्त अनूप पर पुलिस ने केस दर्ज किया

जागरण संवाददाता, जींद। गांव अहिरका में पति को जब पत्नी ने शराब की बोतल नहीं दी तो आरोपित ने घर में आग लगा दी। इसमें महिला झुलस गई तथा घरेलू सामान जल गया। सदर थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति सिंदर व अनूप के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

गांव अहिरका निवासी रोशनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी छह साल पहले अहिरका निवासी सिंदर के साथ शादी हुई थी। उसके दो बच्चे भी हैं। उसका पति सिंदर शराब का नशा करता है। 23 अगस्त देर रात को उसका पति सिंदर शराब के नशे में धुत्त होकर घर आया।

घर आने के बाद उसने रोशनी से शराब की बोतल मांगी। रोशनी ने कहा कि इसके बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है। इसके बाद सिंदर ने घर में रखा पेट्रोल अंदर छिड़क दिया और उसमें आग लगा दी। इसमें रोशनी भी झुलस गई।

बचाव में शोर मचाए जाने पर आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाया और रोशनी को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। रोशनी ने आरोप लगाया कि उसके गांव का ही अनूप उसके पति को भड़काता है। उसके उकसावे में आकर उसके पति सिंदर ने उस पर व घर में पेट्रोल छिड़क कर आग लगाई है।

सदर थाना पुलिस ने रोशनी की शिकायत पर आरोपित पति सिंदर व उसके दोस्त अनूप के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी दी। जांच अधिकारी कुलदीप ने कहा कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।