Jind Crime News: रजाना कलां में सोते हुए व्यक्ति की छाती में मारी गोली, पीजीआइ रेफर; जांच में जुटी पुलिस
Jind Crime News जींद के गांव रजाना कलां में सोते हुए व्यक्ति की छाती में गोली मार दी। आरोपित गोली मारकर मौके से फरार हो गया। घायल व्यक्ति को पीजीआइ रोहतक में दाखिल करवाया गया। पुलिस इस मामले को रंजिश से जोड़कर देख रही है।
जागरण संवाददाता, जींद : गांव रजाना कलां में रविवार अल सुबह घर पर सो रहे व्यक्ति की छाती में गोली मार दी। गोली मारने वाला बदमाश दीवार को फांदकर घर में घुसा था। गोली चलने की आवाज सुनकर जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो तब तक बदमाश दीवार को फांदकर फरार हो चुका था। घायल व्यक्ति को पीजीआइ रोहतक में दाखिल करवाया गया। पुलिस इस मामले को दो साल पहले फर्जी पेंशन के मुकदमें दर्ज करवाने की रंजिश से जोड़कर देख रही है।
आंगन में चारपाई पर सो रहा था युवक
पुलिस के अनुसार गांव रजाना कलां निवासी 68 वर्षीय दलबीर सिंह घर के आंगन में चारपाई पर सो रहा था। सुबह अज्ञात व्यक्ति दीवार फांदकर मकान में घुस गया और उसके सोते हुए के नजदीक से छाती में गोली मार दी। परिवार के दूसरे सदस्य कमरों में सो रहे थे, लेकिन अचानक ही गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के लोग बाहर निकले तो दलबीर के छाती से खून बह रहा था और उसको तुरंत ही उठाकर नागरिक अस्पताल जींद में लेकर आए, लेकिन वहां से उसे पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया।
पुलिस को आशंका है कि रंजिश के चलते मारी गोली
पुलिस को आशंका है कि दलबीर ने वर्ष 2021 में आरटीआइ लगाकर फर्जी बुढ़ापा पेंशन लेने वालों का पर्दाफाश किया था और उसकी शिकायत पर पिल्लूखेड़ा थाने में गांव के ही 54 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश के चलते किसी ने उसको गोली मारी है। पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी बीरबल ने बताया कि घटना स्थल का जायजा लिया गया है। पीजीआइ में दाखिल घायल के बयान दर्ज किए जाएंगे और उसके बाद ही पता चलेगा कि दलबीर को गोली किसने मारी है।