नैना के छलके आंसू, कहा : हाथ धोकर मेरे बच्चों के पीछे पड़ गए
उपचुनाव में जननायक जनता पार्टी के प्रत्याशी दिग्विजय चौटाला के लिए प्रचार करने आई, उनकी मां विधायक नैना चौटाला मंगलवार को ईक्कस गांव में ग्रामीणों के बीच भावुक हो गई।
जागरण संवाददाता, जींद : उपचुनाव में जननायक जनता पार्टी के प्रत्याशी दिग्विजय चौटाला के लिए प्रचार करने आई, उनकी मां विधायक नैना चौटाला मंगलवार को ईक्कस गांव में ग्रामीणों के बीच भावुक हो गई। आंखों में आंसू लिए नैना ने कहा कि कुछ लोग हाथ धोकर मेरे बच्चों के पीछे पड़ गए हैं। लोग दुष्यंत को प्यार करते हैं तो इसमें उसका क्या कसूर है।
नैना ने कहा कि अजय चौटाला के जेल जाने के बाद वह अपने बच्चों के साथ मजबूती से खड़ी हैं। जब तक अजय चौटाला जेल से बाहर नहीं आ जाते, तब तक बच्चों के साथ खड़ी रहूंगी। चाहे कितनी ही बाधाएं क्यों न आ जाएं। आंखों में आंसू लिए नैना ने कहा कि वह रो कर वोट नहीं मांग रही हैं। पारिवारिक हालात से भावुक हो गई हूं। उन्होंने कहा कि भगवान ने भी सारी मुसीबतें दुष्यंत को दे दी हैं। प्रदेश की जनता उससे प्यार करती है तो इसमें उसका क्या गुनाह है। लेकिन कुछ लोग उनके बच्चों के पीछे पड़ गए हैं। नैना ने कहा कि वह राजनीतिक परिवार में जरूर आई थी, लेकिन राजनीति कभी पसंद नहीं थी। अजय के साथ कहीं कार्यक्रम में जाती थी तो कार में बैठी रहती थी। ऐसी परिस्थितियां हुई कि जिस चीज से दूर रहती थी, भगवान ने उसी रास्ते पर धकेल दिया।