पेड़ों की अंधाधुंध कटाई से बिगड़ रहा पर्यावरण संतुलन : एसडीएम
भिवानी रोड स्थित स्वामी सदानंद महाराज के डेरे पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर कार्यक्रम हुआ।
जागरण संवाददाता, जींद : भिवानी रोड स्थित स्वामी सदानंद महाराज के डेरे पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में मुख्यातिथि एसडीएम सत्यवान मान, विशिष्ठ अतिथि डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला रहे। इस दौरान डेरे में अलग-अलग तरह के कई पौधे लगाए गए। एसडीएम सत्यवान मान ने कहा कि भारत में वैदिक काल से ही पूजा होती आ रही है। लेकिन यह दुर्भाग्य ही है कि पेड़ों की अंधाधुंध कटाई की जा रही है। जिसके चलते जहां पर्यावरण बिगड़ रहा है वहीं मौसम में बदलाव के साथ ही दिनोंदिन वर्षा की कमी होती जा रही है। पर्यावरण को संतुलित रखने के लिए हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए। डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला ने कहा कि पौधा लगाने से ही काम समाप्त नहीं होने वाला है। जब तक पौधा पेड़ का रूप नहीं ले लेता तब तक उसकी देखभाल जरूरी है। तभी पर्यावरण को शुद्ध बनाया जा सकता है। इस मौके पर हिसार से राजेश्वरा नंद महाराज, स्वामी सुखदेवानंद, स्वामी दिव्यांनद महाराज, विष्णुदत्त शास्त्री, रामफल नाथ महाराज, राजकुमार, शुभम, सुरेंद्र, नरेंद्र, सरोजनंद महाराज ने सहयोग किया।