जींद जंक्शन पर बनेगा रेलवे कर्मियों के लिए अस्पताल
पिछले पांच सालों से जींद रेलवे जंक्शन पर कर्मचारियों की सुविधा के लिए अस्पताल बनाने की मांग अब जल्द ही पूरी होने जा रही है।
जागरण संवाददाता, जींद : पिछले पांच सालों से जींद रेलवे जंक्शन पर कर्मचारियों की सुविधा के लिए अस्पताल बनाने की मांग अब जल्द ही पूरी होने जा रही है। जींद जंक्शन पर कर्मचारियों के लिए अस्पताल बनाने को मुख्यालय से मंजूरी मिल गई है। यहां जल्द ही एक एकड़ में एक करोड़ रुपये की लागत से अस्पताल बनाया जाएगा। इससे कर्मचारियों को काफी सुविधा मिलेगी। फिलहाल लोको कालोनी में अस्पताल चल रहा है, जिसकी रेलवे जंक्शन से दूरी काफी ज्यादा है।
रेलवे जंक्शन के पास ही स्थित एक एकड़ में अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए प्रपोजल तैयार किया जा चुका है। रेलवे की तरफ से निर्माण को लेकर हरी झंडी मिल गई है। अब अगले महीने बजट जारी होने के बाद निर्माण को लेकर टेंडर लगाया जाएगा। टेंडर जारी होने के बाद 20 दिन में काम शुरू हो जाएगा। इससे कर्मचारियों को फिटनेस सर्टिफिकेट के लिए ड्यूटी के दौरान ज्यादा दूर नहीं जाना पड़ेगा। अस्पताल नजदीक बनने के बाद 400 से अधिक कर्मचारियों को फायदा होगा। नॉर्दन रेलवे मेंस यूनियन (एनआरएमयू) ने 2015 में रेलवे के उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर अस्पताल की जगह को बदलने के लिए गुहार लगाई थी। इसके बाद पांच साल तक यह प्रपोजल गति नहीं पकड़ पाया था। नए अस्पताल में यह होंगी सुविधाएं
-अस्पताल में 10 बेड की सुविधा उपलब्ध होगी।
-विश्राम कक्ष की सुविधा दी जाएगी।
-आधा एकड़ में पार्क की सुविधा भी दी जाएगी।
-दो एंबुलेंस की सुविधा रहेगी। अप्रैल महीने में लगाया जाएगा टेंडर : सुरेंद्र छोक्कर
रेलवे के सेक्शन इंजीनियर सुरेंद्र छोक्कर ने बताया कि रेलवे जंक्शन पर कर्मचारियों को उपचार तथा फिटनेस सर्टिफिकेट की सुविधा के लिए जंक्शन पर एक एकड़ जमीन में अस्पताल बनाने की मंजूरी मिल चुकी है। अप्रैल महीने में रेलवे को जो बजट मिलेगा, उसके बाद इसके निर्माण को लेकर टेंडर लगाया जाएगा। इससे कर्मचारियों को काफी सुविधा मिलेगी।