करवा चौथ की तैयारी में जुटीं सुहागिन महिलाएं, बाजार हुए गुलजार
जींद में करवा चौथ पर्व को लेकर बाजार सामान से सज गए हैं। बाजारों में खरीदारी के लिए पहुंचने वाली महिलाओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
जागरण संवाददाता, जींद: करवा चौथ पर्व को लेकर बाजार सामान से सज गए हैं। बाजारों में खरीदारी के लिए पहुंचने वाली महिलाओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। करवा चौथ को लेकर महिलाएं पूजा की सामग्री, श्रृंगार का सामान व कपड़े खरीद रही हैं। वहीं दुकानदार भी महिलाओं को अपनी तरफ आकर्षित करने के लिए खरीदारी करने पर छूट और तरह-तरह के आफर दे रहे हैं। शुक्रवार को रेडीमेड गारमेंट्स से लेकर साड़ी शोरूम तक महिला ग्राहकों की दुकानों पर भीड़ दिखाई दी। जो ब्यूटी पार्लर कुछ दिन पहले तक सूने नजर आ रहे थे, दोबारा से फिर गुलजार हुए हैं। मार्केट में अच्छी खरीदारी बढ़ने से दुकानदारों में भी खुशी की लहर है। वही आने वाले दीपावली पर्व को लेकर भी दुकानदारों को ग्राहक बढ़ने की भारी उम्मीद है।
कढ़ाई व सितारों के सूट की बढ़ी मांग
करवा चौथ पर्व पर महिलाओं को संजने - संवरने के लिए कढ़ाई व सितारों के सूट खूब भा रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि इस वर्ष कढ़ाई व सितारों के सूटों की दोबारा से मांग बढ़ी है। सूटों में अनेक वैरायटी आई है। इसमें कई डिजाइन नए आए हैं, जो महिलाओं को सबसे ज्यादा पसंद आ रहे हैं। पंजाबी सूट, राजस्थानी सूट के साथ हरियाणवी सूटों की खूब खरीद हो रही है। इन सूटों की कीमत बाजार में 400 रुपये से लेकर पांच हजार रुपये तक है।
फैंसी चुड़ियों की अधिक मांग
बाजार में फैंसी चुड़ियों की खूब बिक रही हैं। इस बार बाजार में काफी नए-नए डिजाइन की चूड़ियों की बिक्री के लिए आई हुई हैं। इसमें वेलवेट चुड़ी लटकन चुड़ी, स्टोन कड़े की डिमांड सबसे ज्यादा है।
गिफ्ट शाप पर खरीदारी बढ़ी
करवा चौथ पर्व को लेकर महिलाएं और पुरुष अपनी-अपनी पसंद के गिफ्ट ले रहे हैं। कुछ लोग फोटो फ्रेम बनवा रहे हैं। इसके साथ कप पर अपने फोटो के डिजाइन बनवाने का भी ट्रेंड लगातार बढ़ रहा है। अंगूठी, मंगल सूत्र सहित कई चीजों की खरीदारी की जा रही है।