विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विदेश में थे हरियाणा के डिप्टी स्पीकर, शातिर ने फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर बेचना शुरू कर दिया 'CRPF अफसर' का सामान  

Published: Sun, 27 Sep 2026 03:35 AM (IST)

अज्ञात व्यक्ति ने विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिढ़ा के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाई। आरोपी ने लोगों ...और पढ़ें

हरियाणा के डिप्टी स्पीकर के नाम पर बनाई फर्जी आईडी। फाइल फोटो

हरियाणा के डिप्टी स्पीकर के नाम पर बनाई फर्जी आईडी। फाइल फोटो

HighLights

  1. डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिढ़ा के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनी।

  2. फर्जी आईडी से घरेलू सामान बेचने के बहाने ठगी का प्रयास हुआ।

  3. पुलिस ने मीडिया कार्डिनेटर की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, जींद। विधानसभा के डिप्टी स्पीकर एवं जींद से भाजपा विधायक डा. कृष्ण मिढ़ा के नाम से किसी अज्ञात व्यक्ति ने फेसबुक आइडी बना दी। उस समय डा. कृष्ण मिढ़ा विदेश में थे। आरोपित ने डा. कृष्ण मिढ़ा की तरफ से मैसेज करते हुए कहा कि यह मेरा दोस्त है, जो सीआरपीएफ में अधिकारी है। इसका ट्रांसफर हो गया है।

यह अपना घरेलू सामान बेचना चाहता है, जो अच्छी कंडीशन में है। यह सारा सामान एक लाख 15 हजार रुपये का है। शहर थाना पुलिस ने डिप्टी स्पीकर के मीडिया कार्डिनेटर की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

क्या किया मैसेज?

मीडिया कार्डिनेटर सन्नी मग्गू ने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी कि डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिढ़ा विदेश दौरे पर थे। 22 सितंबर को उनके दो-तीन साथियों के पास डा. मिढ़ा की फेसबुक आइडी से एक मैसेज आया। इसमें बताया कि संतोष कुमार उसके दोस्त हैं, जो सीआरपीएफ में अधिकारी हैं।

उनका तबादला हो गया है। अब वह अपना घर का सामान जैसे बेड, एसी, फ्रिज, एलइडी, लैपटाप बेचना चाहता है। इसके साथ ही इस सामान के फोटो भी भेजे।

यह सारा सामान एक लाख 15 हजार रुपये में बेचना चाहता है। मैं इसका नंबर भेज रहा हूं। इसको जल्द पैसे भेज दो। सन्नी मग्गू ने बताया कि जब उन्होंने इस मैसेज को ध्यान से देखा तो यह फेसबुक आइडी फर्जी प्रतीत हुई। उन्होंने कहा कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने डिप्टी स्पीकर की फेसबुक आइडी बनाकर लोगों को ठगने की कोशिश की थी।

हालांकि, किसी ने कोई पैसे नहीं डाले। शहर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सन्नी मग्गू की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।