जींद में जमीन के टुकड़े के लिए पूर्व सरपंच पिता ने ली बेटे की जान, पुलिस के सामने मारी 8 गोलियां
जींद के तलौडा गांव में जमीन विवाद को लेकर पूर्व सरपंच मदन लाल ने अपने बेटे मुरारी लाल की गोली मारकर हत्या कर दी।
-1792081626862_m.webp)
नागरिक अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने पहुंचे स्वजन। जागरण
HighLights
पूर्व सरपंच ने जमीन विवाद में बेटे की हत्या की
मृतक की पत्नी ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया
आरोपी पिता मदन लाल गिरफ्तार, दो दिन की रिमांड पर
जागरण संवाददाता, जींद। गांव तलौडा में बुधवार देर रात जमीन के विवाद में पूर्व सरपंच ने अपने बेटे मुरारी लाल (26) की गोलियां मारकर हत्या कर दी। मुरारी की पत्नी ने आरोप लगाया कि हत्या के वक्त डायल 112 की टीम मौके पर थी, जबकि एसपी ने बताया कि पुलिस कुछ दूरी पर थी।
पिता-पुत्र के बीच कोर्ट में पौने तीन एकड़ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपित मदन लाल ने लाइसेंसी रिवाल्वर से सात-आठ फायर किए, जिसमें उसे पेट व गर्दन में गोलियां लगी। हालांकि, कितनी गोलियां लगी देर शाम तक स्पष्ट नहीं हो पाया। इसका पता लगाने के लिए एक्सरे भी करवाया गया। देर शाम तक पोस्टमार्टम जारी था।
4 साल पहले हुई थी शादी
मुरारी की पत्नी शिवानी ने बताया कि उसकी चार साल पहले शादी हुई थी। उनका तीन साल का बेटा है। उन्होंने सास मनजीत कौर, ननद पूजा व वंदना, ग्रामीण गुरबख्श और कमलू के खिलाफ हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने ससुर मदनलाल के खिलाफ हत्या, सास मनजीत कौर, ननद पूजा व वंदना, गुरबख्श, कमलू के खिलाफ हत्या की साजिश रचने का मामला दर्ज किया है।
मदन चंडीगढ़ पुलिस में कांस्टेबल था और कुछ साल बाद नौकरी छोड़ दी थी। वह पत्नी व बेटी के साथ चंडीगढ़ रहता था और वहीं एक होटल चलाता था। बुधवार को वह गांव में शादी में आया था। रात को पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया।
उस समय लोगों ने बीच-बचाव कर मुरारी को घर भेज दिया और मदन वहीं एक मकान में बैठ गया था। शिवानी ने कहा, कई बार मुरारी ने आरोपितों के खिलाफ थाने में शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उसका ससुर उन्हें बार-बार जान से मारने की धमकी देता था।
झगड़े की आशंका के चलते बुलाई थी पुलिस
शिवानी ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे गांव का ही गुरबख्श मुरारी को बुलाने घर आया था। उसे पहले ही पता था, पिता झगड़ा करेगा। इसलिए डायल 112 को काल कर दी थी। इसके बाद मुरारी गुरबख्श के घर पहुंचा तो डायल 112 भी पहुंच गई।
इसमें एसपीओ जगबीर सिंह, एसआई वजीर भी मौजूद थे। वहां पहले से मदन लाल मौजूद था। उसकी सास मनजीत कौर ने मदनलाल की तरफ इशारा किया और उसने मुरारी पर फायरिंग कर दी। जब मुरारी को गोली मारी तो पुलिसकर्मी वहां से फरार हो गए।
पुलिस के सामने नहीं हुई हत्या: एसपी
एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि पुलिस के सामने मर्डर नहीं हुआ। पुलिस कुछ दूरी पर थी और मुरारी ने जैसे ही कमरे का दरवाजा खोला, उसके पिता ने सीधे उस पर फायर कर दिया। दोपहर बाद कोर्ट में वकील के माध्यम से आरोपित मदन सरेंडर करने आया था।
कोर्ट के बाहर सरेंडर से पहले पुलिस उसे गिरफ्तार करने पहुंची थी। इस दौरान वकील व पुलिस के बीच कहासुनी की बात सामने आई है। वकील की तरफ से शिकायत मिली है, जिसकी जांच करवाएंगे। आरोपित मदन लाल को गिरफ्तार कर उसे पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है।
