औद्योगिक क्षेत्र के विकास और समस्याओं के समाधान के लिए नई कार्यकारिणी का गठन
शहर में हांसी रोड पर स्थित हरियाणा औद्योगिक विकास निगम के औद्योगिक क्षेत्र के विकास तथा यहां व्याप्त समस्याओं के समाधान के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
जागरण संवाददाता, जींद : शहर में हांसी रोड पर स्थित हरियाणा औद्योगिक विकास निगम के औद्योगिक क्षेत्र के विकास तथा यहां व्याप्त समस्याओं के समाधान के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें अभिषेक गोयल को प्रधान और जगदीश आहुजा को संरक्षक बनाया गया। बैठक में अमित बतरा को उप-प्रधान, नरेश शर्मा को महासचिव, संदीप कुमार को संयुक्त सचिव, रोहताश नरवाल को कैशियर, रोहित भल को सह कैशियर, प्यारे लाल, सुधीर गर्ग, सुरेंद्र सिगला को सदस्य बनाया गया। बैठक के बाद प्रधान अभिषेक गोयल और उप-प्रधान अमित बतरा ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में समस्याओं की भरमार है। हरियाणा औद्योगिक विकास निगम द्वारा जींद के औद्योगिक क्षेत्र में उद्यमियों के लिए मूलभूत सुविधाएं मुहैया नहीं करवाई गई हैं। जींद के औद्योगिक क्षेत्र की स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं। सड़कों की हालत बहुत खराब है। सीवरेज व्यवस्था का दीवाला निकला हुआ है। यहां सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम नहीं हैं, जिनके कारण आए दिन यहां चोरी हो रही हैं। अभिषेक गोयल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में सड़क निर्माण का काम पिछले काफी समय से कछुआ चाल से हो रहा है। इससे औद्योगिक क्षेत्र में आने-जाने के सारे रास्ते बंद हो गए हैं। यहां के उद्यमियों को इससे भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि जो नई कार्यकारिणी गठित की गई है, वह औद्योगिक क्षेत्र का तेज गति से विकास करवाने से लेकर यहां व्याप्त समस्याओं के समाधान का काम करेगी।