अस्पताल में आउटसोर्सिग कर्मचारियों को वर्दी में न होने पर लगाई फटकार
राज्य महिला आयोग की सदस्या सुमन बेदी ने नागरिक अस्पताल की मिल रही शिकायतों के मद्देनजर नागरिक अस्पताल का बुधवार को निरीक्षण किया। सुमन बेदी के नागरिक अस्पताल का दौरा करने से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
संवाद सूत्र, नरवाना : राज्य महिला आयोग की सदस्या सुमन बेदी ने नागरिक अस्पताल की मिल रही शिकायतों के मद्देनजर नागरिक अस्पताल का बुधवार को निरीक्षण किया। सुमन बेदी के नागरिक अस्पताल का दौरा करने से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। उसकी जो ड्यूटी थी, वे संभालते नजर आये। सुमन बेदी सबसे पहले कर्मचारियों का हाजिरी रजिस्टर चेक किया और रजिस्टर में खाली छोड़े गए खानों का स्पष्टीकरण मांगा।
उन्होंने कहा कि अगर कोई कर्मचारी छुट्टी पर होता है, तो उसकी रजिस्टर में छुट्टी दिखाई जाए। इसके बाद उन्होंने महिला वार्ड का दौरा किया और गर्भवती महिलाओं को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने टंकी के पानी को पीकर चेक किया।
पहचानपत्र गले में डालने की हिदायत
हरियाणा महिला आयोग की सदस्य सुमन बेदी ने आउटसोर्सिग पर विभिन्न पदों पर लगे कर्मचारियों की क्लास ली। उन्होंने कर्मचारियों को वर्दी में न होने पर फटकार लगाते हुए कहा कि वर्दी पर न होने से आमजन को पता नहीं लग पाता कि कौन कर्मचारी हैं। उन्होंने एजेंसी की ओर से जारी पहचान पत्र को गले में डालने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि ओपीडी कक्ष में लगे कर्मचारियों की शिकायत मिल रही है, कि वे लड़कियों या महिलाओं को देखकर उनका नंबर पहले लगा देते हैं। इससे अन्य मरीज जो काफी लंबे समय से लाइन में लगे हुए हैं, वो खड़े रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि अगली बार नागरिक अस्पताल का दौरा करने पर आउटसोर्सिंग कर्मचारी वर्दी और पहचान पत्र के साथ होने चाहिए।