निकाय चुनाव के लिए आई ईवीएम की टेस्टिग करवा ट्रेजरी में रखवाया
प्रदेश में होने वाले निकाय चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। जींद नगर परिषद चुनाव के लिए आई इलेक्ट्रोनिक वोटिग मशीन (ईवीएम) की जांच कराई गई।
जागरण संवाददाता, जींद : प्रदेश में होने वाले निकाय चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। जींद नगर परिषद चुनाव के लिए आई इलेक्ट्रोनिक वोटिग मशीन (ईवीएम) की जांच कराई गई। कंपनी के इंजीनियर जांच के लिए पहुंचे। जांच में 36 कंट्रोल यूनिट व पांच बेल्ट यूनिट खराब मिली, बाकी ईवीएम को नगर परिषद ने ट्रेजरी में रखवा दिया।
गौरतलब है कि करीब डेढ़ माह पहले पंचकूला से ईवीएम लाई गई थी। इनकी जांच के लिए आठ जनवरी को कंपनी की तरफ से इंजीनियर आए थे। दो इंजीनियर ने शुक्रवार तक सभी 320 ईवीएम की जांच की। इसमें 320 कंट्रोल यूनिट व 320 बेल्ट यूनिट की जांच के दौरान 36 कंट्रोल यूनिट व पांच बेल्ट यूनिट खराब पाई गई। इनको छोड़ कर अन्य सभी ठीक ईवीएम को ट्रेजरी में रखवा दिया गया है।
नगर परिषद पटवारी सुरेश कुमार ने बताया कि ईवीएम की जांच करवाई गई। इनमें से खराब को छोड़ कर सभी ठीक ईवीएम को ट्रेजरी में रखवा दिया है।
22 जून को हो चुका कार्यकाल पूरा, चुनाव का इंतजार
नगर परिषद जींद कार्यकाल पूरा होने के बाद 22 जून को भंग हो चुकी है। उसके बाद नगर परिषद पर सरकार द्वारा प्रशासक नियुक्त कर दिया गया था। हालांकि निकाय चुनाव घोषणा नहीं हुई है। माना जा रहा है कि यह घोषणा कभी भी हो सकती है। संभावित उम्मीदवारों को चुनाव का बेसब्री से इंतजार है। इस बार प्रधान पद का सीधा चुनाव होना है, इसलिए लोगों में उत्सुकता और भी ज्यादा है। प्रधान पद के लिए कई दावेदार हैं, जो भाजपा, कांग्रेस, जजपा व इनेलो की टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते हैं।