किसान-मजदूर घमंडी सरकार के घुटने टिका कर रहेगा: नफे सिंह नैन
केंद्र की भाजपा सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है। यह सरकार के घमंड को ही दर्शाता है लेकिन घमंड तो रावण का भी खंडित किया गया था।
संवाद सूत्र, नरवाना : केंद्र की भाजपा सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है। यह सरकार के घमंड को ही दर्शाता है, लेकिन घमंड तो रावण का भी खंडित किया गया था। अब किसान-मजदूर उठ खड़ा हो गया है, जो अपने लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगा और इस घमंडी सरकार के घुटने टिका कर रहेगा। यह बात सर्वजातीय बिनैन खाप के प्रधान नफे सिंह नैन ने बद्दोवाल टोल पर आंदोलनकारी किसानों को संबोधित करते हुए कही।
नैन ने कहा कि बिनैन खाप हरदम किसानों के साथ रही है। आगे भी जब कभी संयुक्त किसान मोर्चा को उनकी जरूरत पड़ी, तो वे अगली पंक्ति में होंगे।
धरने के 137वें दिन की अध्यक्षता सुदेश धर्मगढ़ ने की और क्रमिक अनशन पर कूड़ा राम, हरिकेश, राजपाल, इन्द्र सिंह व कर्म सिंह बैठे। मंच संचालन होशियार सिंह खरल ने किया। मा. बलबीर ने कहा कि 26 नवंबर से संयुक्त किसान मोर्चे के नेतृत्व में शुरू हुए किसान आंदोलन को अंजाम तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हम सब की है। शीशपाल ने कहा, जो लोग आंदोलनजीवी होते हैं, वही आखिर में विजयी होते हैं।
इस मौके पर सीमा धर्मगढ़, नीलम बडऩपुर, भरपाई, नरेश, बलराज पंघाल, मा. सतबीर, गुरमेल वकील, धर्मपाल चहल, जोगीराम बेलरखा, सुनील बद्दोवाल, महेंद्र गोयत, महेंद्र राविश, विजय खरल आदि गणमान्य उपस्थित रहे।
हमला करने और धमकी देने पर दंपती समेत तीन नामजद
जींद : पटियाला चौक पर रंजिशन दो भाइयों पर हमला कर घायल करने तथा धमकी देने पर शहर थाना पुलिस ने दंपती समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। संत नगर निवासी राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दयानंद परिवार से रंजिश चली आ रही है। सात मई को वह अपने भाई मनोज के साथ पटियाला चौक के पास से गुजर रहा था। उसी दौरान ओवरब्रिज के पास दयानंद परिवार के लोगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरु कर दी। इसमें दोनों भाइयों को काफी चोटें आई। शहर थाना पुलिस ने राजेश की शिकायत पर दयानंद, उसकी पत्नी जयवंती तथा बेटे विकास के खिलाफ मामला दर्ज किया है।