हरियाणा के जींद में मुठभेड़ के बाद धराए रंगदारी मांगने के आरोपी, पुलिस की कार्रवाई में दो जख्मी
जींद पुलिस ने जुलाना के व्यापारी सुशील कुमार के अपहरण और रंगदारी मांगने के प्रयास में दो आरोपियों, सागर और प्रवेश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।
-1774319164361_m.webp)
व्यापारी के अपहरण के प्रयास व रंगदारी मामले में मुठभेड़ (फोटो: जागरण)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, जींद। जुलाना के व्यापारी सुशील कुमार के अपहरण के प्रयास व रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपितों गांव मालवी निवासी सागर व प्रवेश को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में प्रवेश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा आरोपित सागर भागते हुए गिर गया, इससे उसका पैर टूट गया।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया है। प्रवेश के पास से एक पिस्तौल व दो कारतूस बरामद हुए। सागर के खिलाफ दो मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सोमवार को पत्रकार वार्ता में एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि 17 मार्च को सुबह सैर करने निकले गांव मालवी निवासी व्यापारी सुशील कुमार का जुलाना में अपहरण का प्रयास किया गया था।
आरोपितों ने व्यापारी से रंगदारी भी मांगी थी। इसके बाद पुलिस ने गांव मालवी निवासी विक्की को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ में सागर व प्रवेश का नाम सामने आया। रविवार शाम को गतौली नहर के पास सागर व प्रवेश के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। एक आरोपित ने पुलिस पर फायर किया। पुलिस के जवाबी फायर में प्रवेश के पैर में गोली लग गई। सागर ने भागने का प्रयास किया तो वह गिर गया और उसके पैर में फ्रेक्चर आ गया।
आरोपितों ने बताया कि उन्होंने व्यापारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। यदि व्यापारी उनको 50 लाख रुपये भी देता तो भी वह चुपचाप लेकर निकल जाते। व्यापारी ने पैसे देने के बजाय पुलिस को शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपितों को काबू कर लिया। सोमवार सुबह जुलाना के व्यापारी एसपी से मिलने पहुंचे और पुलिस कार्रवाई का आभार जताया।
