जलघर में ट्यूबवेल पर तैनात कर्मचारियों को एक वर्ष से नहीं मिला वेतन
जलघर में ट्यूबवेल पर तैनात पंचायत के हैंडओवर किए अस्थायी कर्मचारियों को एक वर्ष से वेतन नहीं मिला है। जिले में लगभग 20 पंचायतों को ट्यूबवेल पर तैनात कर्मचारी प्रशासन ने पंचायत के हैंडओवर किए गए हैं।
संवाद सूत्र, जुलाना : जलघर में ट्यूबवेल पर तैनात पंचायत के हैंडओवर किए अस्थायी कर्मचारियों को एक वर्ष से वेतन नहीं मिला है। जिले में लगभग 20 पंचायतों को ट्यूबवेल पर तैनात कर्मचारी प्रशासन ने पंचायत के हैंडओवर किए गए हैं। वेतन न मिलने से कर्मचारियों घर चलाने में परेशानी है। इससे उनमें प्रशासन के प्रति रोष पनप रहा है। कर्मचारियों ने कहा कि जल्द ही उनका वेतन नहीं दिया गया तो वह काम छोड़कर आंदोलन कर देंगे।
ग्रामीणों की प्यास बुझाने के लिए गांव में बनाए गए जलघरों की हालत बिना कर्मचारियों के खस्ता है। जो भी कच्चे कर्मचारी पंचायत ने अपने लेवल पर ट्यूबवेलों पर लगाए गए है, उन्हें एक वर्ष से वेतन नहीं मिला है। इन कच्चे कर्मचारियों पर काम का भार पक्के कर्मचारियों से भी ज्यादा है। यह कर्मचारी 24 घंटे ड्यूटी कर ग्रामीणों के घर तक पानी पहुंचाते हैं। प्रशासन ने जिले में कुछ जलघर पंचायत के हैंडओवर कर रखे हैं।
मुख्यालय से की है डिमांड
जनस्वास्थ्य विभाग एक्सईएन सतीश ने बताया कि जिले में लगभग 20 पंचायतों को जलघर हैंडओवर किए गए हैं। काफी समय से कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है। इन कच्चे कर्मचारियों को वेतन देने की डिमांड उच्च अधिकारियों को भेज रखी है। मंजूरी मिलते ही उन्हें वेतन दे दिया जाएगा। सरपंच एसोसिएशन करेगी आंदोलन
सरपंच एसोसिएशन के जिला प्रधान राजेश गोयत ने कहा कि जो जलघर पंचायत को हैंडओवर कर रखे हैं, वहां पंचायत ने कर्मचारी की नियुक्ति कर रखी है। एक साल से वेतन नहीं मिलने से उन्हें दिक्कतों का सामन करना पड़ रहा है। सरकार ने जल्द कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया तो सरपंच एसोसिएशन आंदोलन करेगी।