न्यूनतम और अधिकतम तापमान में ज्यादा अंतर से सर्दी, जुकाम और बुखार जकड़ रहा लोगों को
बदलता मौसम कहीं आपको बीमार न कर दें। ऐसे में आपको विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। ठंड ने दस्तक दे दी है। इससे सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीजों में बढ़ोतरी हुई है। खासकर बच्चों और बुजुर्गो को इस मौसम ने अपनी चपेट में ले लिया है। डॉक्टर विशेष एहतियात बरतने की सलाह दे रहे हैं। बीते दो दिन से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है। रात में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रह रहा है।
जागरण संवाददाता, जींद : बदलता मौसम कहीं आपको बीमार न कर दें। ऐसे में आपको विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। ठंड ने दस्तक दे दी है। इससे सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीजों में बढ़ोतरी हुई है। खासकर बच्चों और बुजुर्गो को इस मौसम ने अपनी चपेट में ले लिया है। डॉक्टर विशेष एहतियात बरतने की सलाह दे रहे हैं। बीते दो दिन से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है। रात में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रह रहा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में ज्यादा अंतर से लोग बीमार पड़ने लगे हैं। इससे अस्पतालों में रोगियों की संख्या बढ़ गई है। सुबह के समय नमी की मात्रा सौ फीसद दर्ज की गई जो शाम को घटकर 53 फीसद रह गई। मंगलवार शाम को जिले में बूंदाबांदी भी हुई।
सीओपीडी मरीजों की मुश्किलें बढ़ी
मौसम बदलाव के कारण सीओपीडी के रोगियों की की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस मौसम से ओपीडी में अस्थमा के रोगियों की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। अस्पतालों में ओपीडी के दौरान सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार से ग्रसित मरीजों की संख्या में दिनोंदिन इजाफा देखा जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि ठंड को स्वास्थ्य के लिए अच्छा माना जाता है, लेकिन आजकल जो मौसम है, उसमें विशेषतौर पर बच्चों और बुजुर्गो को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इस मौसम में सतर्क रहने की जरूरत : डॉ. भोला
नागरिक अस्पताल के एमएस डॉ. राजेश भोला के मुताबिक मुताबिक मौसम बदलने से ठंड ने लोगों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहना जरूरी है। सुबह-शाम को लोगों को गर्म कपड़े पहनने की शुरुआत कर देनी चाहिए, जिससेबीमारियों से बचा जा सके। इन दिनों वायरल, टायफाइड, खांसी, जुकाम, एलर्जी, पेट में दर्द और दस्त की संभावना बढ़ जाती है।