इनेलो और कांग्रेस के गढ़ में कमल खिलाने की शाही चाह
भाजपा की निगाह अब राज्य की उन तीन लोकसभा सीटों पर भी है जिन पर कांग्रेस और इनेलो का कब्जा है। वह राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटों पर कब्जा करना चाहती है।
जेएनएन, जींद। भाजपा अब राज्य में कांग्रेस और इनेलो द्वारा जीती गई तीन लाेकसभा सीटों पर भी अपना कब्जा चाह रही है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की निगाह हरियाणा की सभी दस लोकसभा सीटों पर है। राज्य में सात लोकसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है।, जिन तीन संसदीय सीटों पर भाजपा मोदी लहर में भी कमल नहीं खिला पाई, वहां इस बार जीत दर्ज करने पर शाह ने फोकस किया।
रैली से गैर जाटों को भी एकजुट करने में मिलेगी मदद
रोहतक और हिसार लोकसभा सीटों को जाट प्रभाव वाली माना जाता है, है तो सिरसा भी, लेकिन वह रिजर्व सीट है। रोहतक को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ माना जाता है। हिसार और सिरसा लोकसभा सीटों पर इनेलो काबिज है। रोहतक से दीपेंद्र हुड्डा, सिरसा से चरणजीत रोड़ी और हिसार में दुष्यंत चौटाला सांसद हैं।
बाकी सात सीटों पर भले ही भाजपा का कब्जा है, लेकिन कुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी द्वारा अलग पार्टी बनाने के संकेत के बाद यह साफ हो गया है कि भाजपा को इस बार के लोकसभा चुनाव में चार नई सीटों पर जीत के लिए तो जिद्दोजिहद करनी होगी।
यह भी पढ़ें: अमित शाह ने दिया हुंकार रैली में संकेत, मनोहर ही होंगे भाजपा का चेहरा
गौरतलब है कि दो बार जाट आरक्षण आंदोलन झेल चुका प्रदेश अब पूरी तरह से जाट और गैर जाट में बंटा हुआ है। बावजूद इसके भाजपा के शाह की यह रैली गैर जाटों को एकजुट करने में कामयाब हो सकती है। दूसरी तरफ शाह ने कोई ऐसी बात नहीं कही, जिसकी वजह से जाट भाजपा का विरोध करें। एक तरह से भाजपा ने जीत के तमाम विकल्प खुले रखे हुए हैं।
भाषण में मोदी और मनोहर का जलवा
रैली में शाह ने चार-चार बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल और दो-दो बार कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ और भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला का नाम लिया। साथ ही वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु का नाम लेना भी नहीं भूले। इसके अलावा शाह ने अपने भाषण में किसी मंत्री को तवज्जो नहीं दी।
मोटरसाइकिल पर 424 मीटर की शाही सवारी
अमित शाह रैली स्थल से करीब 424 मीटर दूरी से ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर मंच तक पहुंचे। प्रदेश के कई मंत्री अपने-अपने हलकों से मोटरसाइकिल पर सवार होकर रैली स्थल के लिए रवाना हुए लेकिन बीच रास्ते से कई मंत्री गाडिय़ों में सवार हो गए। जींद से पहले उन्होंने फिर से मोटरसाइकिलों की सवारी की। शाह ने रैली से ही पार्टी के जींद कार्यालय के साथ सभी 15 जिलों में कार्यालयों का शिलान्यास किया। हालांकि शाह ने जब शिलान्यास के लिए रिमोट दबाया तो उसने काम नहीं किया और पर्दा नहीं उठ पाया।
मुख्यमंत्री ने लगवाए भारत माता के जयकारे
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भाषण शुरू करते समय जब भारत माता की जय का नारा लगवाया तो पंडाल से आवाज कम आई। इस पर सीएम ने युवाओं को मौजूदगी का अहसास कराकर दोबारा नारा लगवाया।
यह भी पढ़ें: अमित शाह ने कहा- हम जनता को देंगे अपना हिसाब, कांग्रेस को नहीं