बीजेपी सरकार के घोटालों का घर-घर बताएगा कांग्रेस सेवादल
कांग्रेस सेवादल की प्रदेशस्तरीय बैठक रविवार को देवीलाल चौक स्थित चैंबर वाली धर्मशाला में हुई। उसमें लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी पर चर्चा की गई।
जागरण संवाददाता, जींद : कांग्रेस सेवादल की प्रदेशस्तरीय बैठक रविवार को देवीलाल चौक स्थित चैंबर वाली धर्मशाला में हुई। उसमें लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी पर चर्चा की गई।
बैठक में कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का आह्वान करते हुए कांग्रेस सेवादल के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र सिंह ने कहा कि सेवादल का एक ही लक्ष्य है राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाना। इसके लिए प्रदेश की सभी 10 सीटों को जीतने के लिए सेवादल के कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करेंगे।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए राजेंद्र सिंह ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि पांच साल के कार्यकाल में बीजेपी सरकार ने केवल जुमलेबाजी की। जनहित में कोई काम नहीं किया गया। आज उनके भ्रष्टाचार के नए-नए मामले उजागर हो रहे हैं। राफेल सौदे में बड़े स्तर पर हुए घोटाले और अन्य भ्रष्टाचार के मामलों के बारे कांग्रेस सेवादल घर-घर जाकर लोगों को बताएगी। महिला प्रदेशाध्यक्ष सुखविद्र कौर ने कहा कि लोकसभा चुनावों को लेकर बूथ लेवल पर कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। इसमें महिलाएं भी अपनी अहम भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष छोटा सिंह चौहान, महिला प्रदेश सचिव सुनीता शर्मा, अनिल शर्मा, जितेंद्र चौहान, पूनम चौहान, नविद्र चौहान, जोगेंद्र चौहान, आयूब खान आदि मौजूद रहे।