केंद्र सरकार जनता की जेब पर डाल रही डाका: लाभ सिंह
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों के विरोध में वीरवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका।
जागरण संवाददाता, जींद : आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों के विरोध में वीरवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। आप कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार हर रोज पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा रही है। इससे किसानों व गरीब आदमी की कमर टूट गई है।
रानी तालाब के पास नेहरू पार्क में जिला प्रधान लाभ सिंह की अगुआई में इकट्ठा हुए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर जमकर भड़ास निकाली। लाभ सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मार्केट में कच्चे तेल का रेट लगातार कम हो रहा है, जबकि केंद्र की भाजपा सरकार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा रही है। यह जनता के साथ सरासर लूट है। देश में पहली बार भाजपा ने इस तरह की लूट मचाई है। इससे पहले जब भी अंतरराष्ट्रीय मार्केट में कच्चे तेल के दाम गिरते थे तो पेट्रोल-डीजल के दाम भी कम होते थे। लेकिन पिछले छह साल से देश में उलटी रीत चल रही है। केंद्र सरकार को जनता को जवाब देना चाहिए कि तेल पर इतनी बड़ी लूट क्यों की जा रही है। पूर्व जिला प्रधान राजकुमार पहल ने भी केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ भड़ास निकालते हुए कहा कि जनता की जेब पर डाका डालना बंद किया जाए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने शिव चौक तक नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। इस मौके पर उचाना से मनोज श्योकंद सहित काफी नेता मौजूद थे।