देश में विपक्ष का गठबंधन नहीं, लूटबंधन : बंसल
उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री एवं 20 सूत्रीय कमेटी के उपप्रधान नरेश बंसल ने कहा कि देश में गठबंधन नहीं, बल्कि भ्रष्ट लोग एक दूसरे का सहारा लेकर अपने आपको बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
संवाद सूत्र, सफीदों : उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री एवं 20 सूत्रीय कमेटी के उपप्रधान नरेश बंसल ने कहा कि देश में गठबंधन नहीं, बल्कि भ्रष्ट लोग एक दूसरे का सहारा लेकर अपने आपको बचाने की कोशिश कर रहे हैं। इस लूटबंधन के लोगों को देश की जनता अच्छी तरह से जानती है। इस बंधन से भाजपा और मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में पहले से ज्यादा सीटों के साथ केंद्र में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। वे कस्बे के रेस्ट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ रूबरू हो रहे थे। इस बैठक की अध्यक्षता भाजपा नेता प्रमोद कोशिश ने की।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सभी वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए नई-नई योजनाओं की शुरुआत की है। उससे देश में सरकार के प्रति एक विश्वास पैदा हुआ है। नरेश बंसल ने कहा कि देश में सबसे विकासशील राज्यों में उत्तराखंड सबसे तेजगति से आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड प्रदेश के सभी 28 लाख परिवारों को स्वास्थ्य बीमा योजना में शामिल किए जाने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। प्रदेश में अनेक महत्वाकांक्षी योजनाओं को धरातल पर साकार करने का काम तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश की सरकार युवाओं को पूरी पारदर्शिता से रोजगार देने में कामयाब हुई है। उसकी प्रशंसा पूरे देश में है। उन्होंने कहा कि जींद चुनाव के बाद कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश है। उससे एक बार फिर से हरियाणा प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। इस अवसर पर हरिश शर्मा, अखिल गुप्ता, सरपंच पवन पाजू, सुनिल कुमार आदि मौजूद रहे।