विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दादा-दादी की झोली में डाला एशियन गेम्स का गोल्ड, कीर्ति शर्मा का जींद में भव्य स्वागत; मां ने चूरमा खिलाकर लगाया गले

Published: Mon, 05 Oct 2026 04:49 PM (IST)

एशियन गेम्स में तीरंदाजी में गोल्ड मेडल जीतने वाली कीर्ति शर्मा का जींद के रिटौली गांव में भव्य स्वागत किया गया।

गोल्डन गर्ल कीर्ति शर्मा का गांव पहुंचने पर डोल नगाड़ों व आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत।

गोल्डन गर्ल कीर्ति शर्मा का गांव पहुंचने पर डोल नगाड़ों व आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत।

HighLights

  1. एशियन गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट कीर्ति शर्मा का गांव रिटौली में भव्य स्वागत

  2. कीर्ति ने दादा-दादी को गोल्ड मेडल समर्पित किया, ओलंपिक का लक्ष्य

  3. सरकार से बेटियों के लिए अधिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग

जागरण संवाददाता, जींद। एशियन गेम्स में तीरंदाजी में देश को गोल्ड मेडल दिलाने वाली रिटौली की कीर्ति शर्मा का सोमवार को गांव पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ। ग्रामीण व अभिभावक जामनी चौक पर एकत्रित हुए और वहां से डोल-नगाड़ों के साथ-साथ आतिशबाजी के साथ घर तक ले जाया गया।

घर पहुंचने पर मां गुड्डी ने चूरमा खिलाकर गले लगाया। कीर्ति ने घर पहुंच कर दादा रामजुआरी और दादी भरपाई की झोली में गोल्ड मेडल डाला। इसके बाद कीर्ति ने दादा को गोल्ड मेडल भी पहनाया।

विधायक रामकुमार गौतम, हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन एवं भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, जिला परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि कुलदीप रंधावा भी कीर्ति शर्मा को सम्मानित करने पहुंचे। ग्रामीणों ने नारे लगाए, उधम सिंह की शिष्या ने, गांव रिटौली की बेटी ने कीर्तिमान स्थापित किया।

विजय शर्मा की बेटी ने देश को गोल्ड दिलवाया। कीर्ति शर्मा ने कहा कि उसने सात साल पहले स्कूल से तीरंदाजी खेलना शुरू की। खेलते-खेलते उसकी इसमें रुचि बढ़ी। अब तीरंदाजी खेल उसके लिए जीवन बन चुका है और वह उसके बिना नहीं रह सकती। भविष्य में भी देश के लिए बहुत सारे गोल्ड मेडल जीतने हैं।

वह आज भी गोल्ड मेडल लेकर पहुंची है। ओलिंपिक में गोल्ड जीतना सपना है। दादा-दादी की झोली में गोल्ड मेडल डालने पर कीर्ति शर्मा ने कहा कि वह दोनों घर में सबसे बड़े हैं। उनके आशीर्वाद की वजह से ही वह आज यहां तक पहुंची है।

बेटियों के लिए और बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाए सरकार

कीर्ति ने कहा कि पूरे परिवार ने उसका सहयोग किया है। परिवार ने उसे आगे बढ़ाने के लिए बहुत कठिनाइयों का सामना किया। ऐसे में इस गोल्ड मेडल पर सबसे पहला हक उन्हीं का है। वह सरकार से यही मांग करती हैं कि खिलाड़ियों, खासकर बेटियों को और सुविधा दे।

WhatsApp Image 2026-10-05 at 4.33.32 PM (1)

काफी सारी ऐसी जगह हैं, जहां बेटियों का बाहर निकलना मुश्किल होता है या फिर घर वाले उन्हें आगे आने नहीं देते। ऐसे में उनकी उन परिवार वालों से भी यह गुजारिश है, अपनी बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने से नहीं रोकें, ताकि वह भी देश का नाम रोशन करें।

बेटी के स्वागत में खुशी के मारे पूरी रात नहीं आई नींद

पिता विजय शर्मा ने कहा कि उनका सपना यही था, कीर्ति एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल लेकर आए। बेटी ने उनका सपना पूरा किया है। पूरे गांव, हरियाणा व देश का नाम रोशन किया है। कीर्ति का फूल मालाओं व डीजे के साथ पूरे धूमधाम के साथ बेटी का स्वागत किया। कीर्ति में तीरंदाजी को लेकर बड़ा जुनून था।

वह देश के लिए गोल्ड मेडल लाना चाहती थी, जोकि अपनी मेहनत के दम पर करके दिखाया। कीर्ति ओलिंपिक में भी देश के लिए गोल्ड मेडल लाए, यही सपना है। बेटी के स्वागत के लिए पलके बिछाए खड़े पिता विजय शर्मा ने कहा कि खुशी के मारे रात भर उन्हें नींद नहीं आई।

पिता के उठाए कर्ज को सूत समेत पूरा करेगी कीर्ति

विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि कीर्ति ने गर्व से हमारा सीना चौड़ा किया है। कीर्ति आगे भी मेहनत कर ओलंपिक में भी गोल्ड मेडल जीते। पिता विजय शर्मा ने कर्ज उठाकर बेटी कीर्ति को खेलों में आगे बढ़ाया है। जिसे सूत समेत बेटी पूरा कर देगी। एशियन गेम्स में जींद जिले में चार गोल्ड मेडल लड़कियों द्वारा हासिल किए जाने के सवाल पर विधायक गौतम ने कहा, मुख्यमंत्री नायब सैनी का विशेष ध्यान है।

खिलाड़ियों को पूरा सम्मान दिया जाएगा और उनकी पूरी मदद की जाएगी। जींद के साथ-साथ पूरे हरियाणा व देश के खिलाड़ियों के लिए मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री से मांग है, ज्यादा से ज्यादा इन खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएं और उनकी मदद करें। वह कीर्ति शर्मा की हर संभव मदद करेंगे।

कीर्ति ने पूरे देश के 140 करोड़ लोगों का सीना किया गर्व से चौड़ा

मोहनलाल बड़ौली ने कीर्ति को शाल व भगवान राम की प्रतिमा देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, कीर्ति शर्मा ने एशियन गेम्स में गोल्ड जीतकर गांव के साथ-साथ देश के 140 करोड़ लोगों का सीना चौड़ा कर दिया है। आज कीर्ति के दादाजी को खुशी हो रही है कि उनकी पोती ने देश को ऐतिहासिक जीत दिलवाई है। जब 2036 के ओलिंपिक खेल भारत में होंगे, तो उस समय भी कीर्ति शर्मा देश को गोल्ड दिलाने का काम करेगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खिलाड़ियों का जो हौसला बढ़ाने का काम किया है। वहीं हरियाणा पूरे देश में ऐसा प्रांत है, जो खिलाड़ियों को सबसे ज्यादा प्रोत्साहन राशि देता है। इसके के चलते देश के खिलाड़ियों ने जो 85 गोल्ड मेडल जीते हैं, उसमें से 37 गोल्ड के साथ सबसे ज्यादा हिस्सेदारी हरियाणा के खिलाड़ियों की है।