एंबुलेंस चालकों की हड़ताल बन सकती है अस्पताल प्रबंधन के गले की फांस
नागरिक अस्पताल में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत रेफरल ट्रांसपोर्ट सर्विस (एंबुलेस सेवा) में काम करने वाले चालकों की छह जनवरी की हड़ताल नागरिक अस्पताल अस्पताल प्रबंधन के गले का फांस बन सकती है।
जागरण संवाददाता, जींद : नागरिक अस्पताल में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत रेफरल ट्रांसपोर्ट सर्विस (एंबुलेस सेवा) में काम करने वाले चालकों की छह जनवरी की हड़ताल नागरिक अस्पताल अस्पताल प्रबंधन के गले का फांस बन सकती है। हड़ताल के दौरान एंबुलेंस सेवा प्रभावित नहीं हो, इसके लिए प्रबंधन ने जींद डिपो के महाप्रबंधक को पत्र लिख कर चालकों की मांग की थी, जिस पर महाप्रबंधक ने असमर्थता जाहिर की है। महाप्रबंधक बिजेंद्र हुड्डा ने कहा कि सात और आठ जनवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल हड़ताल के आह्वान पर रोडवेज के चालक-परिचालक भी हड़ताल में शामिल होने का दावा कर रहे हैं, जिसके चलते वह चालक उपलब्ध करवाने में असमर्थ हैं।
बताते चलें कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत रेफरल ट्रांसपोर्ट सर्विस (एंबुलेंस सेवा) के तहत काम कर रहे चालकों को नागरिक अस्पताल प्रबंधन द्वारा 12-12 घंटे की ड्यूटी करने के निर्देश जारी किए हुए हैं। अब तक एंबुलेंस चालक आठ-आठ घंटे की ड्यूटी ही करते आ रहे थे। इसके कारण कई बार एंबुलेंस बिना चालक के ही खड़ी रहती थी। नागरिक अस्पताल में फिलहाल 41 एंबुलेंस चालक काम कर रहे हैं। 12-12 घंटे की ड्यूटी का नया रोस्टर बनाए जाने का विरोध एंबुलेंस चालक कर रहे हैं। एंबुलेंस चालक अमित लडवाल, दलजीत सिह, कर्मबीर, योगेश, सतेंद्र, कुलबीर, अनिल, संदीप, जगमेंद्र, अजय, कुलदीप आर्य, सुभाष जीतगढ़, कुलदीप खरकरामजी ने बताया कि श्रम कानून की अवहेलना करते हुए यह नया रोस्टर लागू किया गया है। यह उन्हें किसी भी कीमत पर मंजूर नहीं है। इसके विरोध में छह जनवरी को एक दिन की हड़ताल की जाएगी। रोडवेज जीएम को सहायता के लिए लिखा पत्र
छह जनवरी की हड़ताल को लेकर एंबुलेंस सेवा किसी तरह से प्रभावित नहीं हो, इसके लिए रोडवेज से एक दिन के लिए चालकों की मांग जींद डिपो के महाप्रबंधक से की गई है। नए रोस्टर को लेकर स्वास्थ्य महानिदेशक से मार्गदर्शन मांगा गया था।
डॉ. राजेश भोला, डिप्टी एमएस एवं नोडल ऑफिसर, नागरिक अस्पताल, जींद। सात और आठ जनवरी को चक्का जाम किए जाने की संभावना के चलते उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को चालक देने में वह असमर्थ हैं। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिख अवगत करवाया गया है। उन्हें स्वयं भी डिपो की व्यवस्था को देखना है। उनका प्रयास है कि प्रदेशव्यापी हड़ताल के दौरान आमजन को कोई परेशानी न हो।
-बिजेंद्र सिंह हुड्डा, महाप्रबंधक, जींद डिपो।