कोरोना के बारे में जागरूक करने वाली एलबम का भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने किया लोकार्पण
डीएवी पब्लिक स्कूल में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ पहुंचे। जहां पर डीएवी स्कूल के प्राचार्य डा. धर्मदेव विद्यार्थी द्वारा कोरोना के बारे में जागरूक करते हुए लिखी गई एलबम का लोकार्पण किया
जागरण संवाददाता, जींद : डीएवी पब्लिक स्कूल में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ पहुंचे। जहां पर डीएवी स्कूल के प्राचार्य डा. धर्मदेव विद्यार्थी द्वारा कोरोना के बारे में जागरूक करते हुए लिखी गई एलबम का लोकार्पण किया। इस दौरान स्कूल की अध्यापिका सोनिया व दो छात्राओं द्वारा एलबम के गाने गाकर सुनवाएं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि संस्कार ही सृजन को जन्म देते हैं जिसके जैसे संस्कार होंगे वह वैसे ही कार्य करेगा, इसलिए जीवन में संस्कारों का बहुत महत्व है। प्रत्येक युग में कोई न कोई चुनौती होती है इस युवा पीढ़ी के युग में कोरोना एक चुनौती है। जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाप्त करने का संकल्प किया है। उसी संकल्प को डीएवी पब्लिक स्कूल जींद सार्थक कर रहा है। डीएवी का जन्म आर्य समाज से हुआ है। आर्य समाज सदा चुनौतियों का सामना करने में अग्रणी रहा है, इसलिए डीएवी के संस्कार में ही चुनौतियों का सामना करना लिखा गया है। उन्होंने डा. धर्मदेव विद्यार्थी द्वारा बनाए गए डेढ़ लाख मास्क के कार्य को एक प्रेरक कार्य बताते हुए उनकी प्रशंसा की व सभी शिक्षकों को बधाई भी दी। डा. धर्मदेव विद्यार्थी व हरेंद्र भारद्वाज व सोनिया को शाल पहनाकर सम्मानित किया। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजू मोर, संजय पवार तथा जवाहर सैनी उपस्थित थे।