विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जींद में दोस्तों के साथ नहाने गया 17 वर्षीय युवक सिरसा ब्रांच नहर में डूबा, तलाश जारी

Published: Sun, 02 Aug 2026 11:01 PM (IST)

नरवाना के ढाकल गांव के पास सिरसा ब्रांच नहर में दोस्तों के साथ नहाने गया 17 वर्षीय वरुण तेज बहाव ...और पढ़ें

नरवाना में सिरसा ब्रांच नहर में डूबा 17 वर्षीय छात्र वरुण, तलाश जारी।

नरवाना में सिरसा ब्रांच नहर में डूबा 17 वर्षीय छात्र वरुण, तलाश जारी।

HighLights

  1. 17 वर्षीय वरुण सिरसा ब्रांच नहर में डूबा।

  2. तेज बहाव के कारण दोस्त नहीं बचा पाए।

  3. एसडीआरएफ टीम युवक की तलाश में जुटी।

संवाद सूत्र, नरवाना। गांव ढाकल के पास सिरसा ब्रांच नहर में रविवार को दोस्तों के साथ नहाने गया 17 वर्षीय वरुण तेज बहाव में डूब गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर पर काफी देर तक नहर में उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हिसार से एसडीआरएफ की टीम भी बुलाई, ताकि युवक की तलाश तेज की जा सके। चमेला कालोनी, नरवाना निवासी 17 वर्षीय वरुण रविवार सुबह करीब 11 बजे दो दोस्तों आर्य उपनगर निवासी रूपन और उज्ज्वल के साथ गांव ढाकल के पास सिरसा ब्रांच नहर पर नहाने गया था। तीनों नहर में नहा रहे थे।

इसी दौरान वरुण नहर के बीच में पहुंच गया। उसके दोस्त रूपन ने बताया कि वरुण न तो दूसरी तरफ जा पाया और न ही वापस इस ओर लौट सका। उसने मदद के लिए आवाज लगाई तो रूपन उसे बचाने के लिए नहर में कूद गया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह भी उसे नहीं पकड़ सका।

इसके बाद चार-पांच अन्य युवकों ने भी उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। वरुण ने खुद को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन तेज बहाव में सांस टूटने से वह डूब गया।

11वीं कक्षा का छात्र है वरुण

वरुण के पिता सुरेंद्र ने बताया कि वह गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। वरुण अक्सर नहर पर नहाने जाता था और उसे तैरना भी आता था। रविवार सुबह वह अपने स्कूल के दोस्तों के साथ नहाने गया था, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। वरुण शहर के एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा की कामर्स का छात्र था और पढ़ाई में होशियार था।

प्रतिबंधित होने के बावजूद नहाते हैं युवा

जिला प्रशासन ने नहर में नहाने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है, लेकिन इसके बावजूद युवा अक्सर नहर में नहाते नजर आते हैं। कई लोग नहर किनारे बैठकर शराब का सेवन करने के बाद भी पानी में उतर जाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है।

पुलिस समय-समय पर युवाओं को रोकने का प्रयास करती है, लेकिन पुलिस के जाते ही लोग फिर नहर में उतर जाते हैं। इससे पहले 18 मई को बरवाला ब्रांच नहर में नहाते समय निडानी निवासी 22 वर्षीय सुरेश भी डूब गया था।