आस्ट्रेलिया का वीजा लगवाने का झांसा देकर 16 लाख ठगे
डेढ़ साल पहले उनका संपर्क पंजाब की जीरकपुर निवासी तनीषा सिंह से हुआ।
जागरण संवाददाता, जींद : आस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर 16 लाख रुपये हड़पने के आरोप में पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। गांव करसिधू निवासी अजय व गांव छातर निवासी सुरेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका उचाना में कोचिग सेंटर है। करीब डेढ़ साल पहले उनका संपर्क पंजाब की जीरकपुर निवासी तनीषा सिंह से हुआ। जहां पर तनीषा ने बताया कि वह युवाओं को विदेश भेजने का काम करती है और उनका भी आस्ट्रेलिया का वीजा लगवा देंगे। इसके बाद तनीषा ने दीपक व राजबीर वर्मा से मिलवाया। उनकी बातों में आकर वे अपने जानकार विक्रांत व रजत को वीजा लगवाने के लिए आरोपितों के पास ले गए। जहां पर आरोपितों ने बताया कि दोनों को आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 16 लाख 20 हजार रुपये खर्च आएगा। इसके बाद उन्होंने आरोपितों को कागजात दे दिए। थोड़े दिनों के बाद फोन आया कि 25 सितंबर 2019 को चेन्नई से आस्ट्रेलिया के लिए फ्लाइट है। आरोपितों के कहे अनुसार दोनों युवकों को चेन्नई भेज दिया। जहां पर आरोपितों ने दोनों को 20 दिन तक वहीं पर रखा। इस दौरान तनीषा ने उनको आस्ट्रेलिया का वीजा भेजा, जो फर्जी था। जिसके चलते आस्ट्रेलिया नहीं जा पाए। इस दौरान दीपक ने उनके साथ धोखाधड़ी करते हुए आठ लाख 27 हजार रुपये की राशि निकलवा ली। जब उन्होंने आरोपितों से संपर्क किया तो उन्होंने राशि लौटाने से मना कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। उचाना थाना पुलिस ने अजय की शिकायत पर तनीषा, दीपक व राजबीर वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।