1121 धान के भाव में उछाल, आवक भी बीते साल से 5 गुणा बढ़ी
किसानों के लिए दीवाली के पर्व से पहले 1121 धान के भाव बढ़ने से किसान खुश हैं।
फोटो 9
संवाद सूत्र, उचाना: किसानों के लिए दीवाली के पर्व से पहले 1121 धान के भाव बढ़ने से चेहरे पर खुशी नजर आने लगी है। इस बार 1121 धान की आवक बीते साल से पांच गुणा बढ़ी है तो भाव भी कुछ दिनों से बढ़ रहे है। मार्केट कमेटी में दर्ज आंकड़ों के अनुसार अब तक 18 हजार 325 क्विंटल 1121 धान की खरीद हो चुकी है। बीते साल अब तक 3330 क्विंटल ही खरीद हुई थी। बीते साल की अपेक्षा 5 गुणा से अधिक 1121 धान की खरीद हो चुकी है। भाव भी बीते साल से इन दिनों तेज मिल रहे है। कुछ दिनों से भाव में बढ़ोतरी भी हुई है।
वीरवार को भाव 2641 रुपए क्विंटल रुपए सबसे अधिक रहा, तो बीते सप्ताह 2500 रुपए प्रति क्विंटल तक के भाव ही मिल रहे थे। इस सप्ताह 150 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है। भाव बढ़ने की उम्मीद भी अब किसानों को हो गई है। फसल आते ही बिकने से भी किसान खुश है। फसल बेचने के लिए उन्हें मंडी में नहीं रूकना पड़ रहा है। किसान बलराज, सिकंदर, हरपाल ने कहा कि 1121 धान के भाव सीजन की शुरूआत में कम मिल रहे थे। किसानों को ये था कि जिस तरह से 1509 धान के भाव बीते साल से कम मिल रहे हैं। ऐसे ही धान 1121 के भाव भी कम ही मिलेंगे। कुछ दिनों से भाव में बढ़ोतरी होने से किसानों की उम्मीदें बढ़ी हैं। मार्केट कमेटी सचिव सतबीर सिंह ने बताया कि 1121 धान बीते साल से अधिक मंडी में पहुंच रही है।