महिला के साथ युवक दिखा तो किया हमला, युवक का अपहरण करके पीटा
जागरण संवाददाता बहादुरगढ़ एक महिला के साथ अंजान युवक दिखा तो कुछ लोगों ने दोनों पर ह
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ : एक महिला के साथ अंजान युवक दिखा तो कुछ लोगों ने दोनों पर हमला कर दिया। बाद में युवक को अपहरण भी पीटा। आरोप है कि यह हमला महिला के घर वालों ने किया। पुलिस ने अभियोग दर्ज कर लिया है। घटना मांडौठी पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत मातन गांव में हुई। पीड़ित युवक राजेश भिवानी के पिजोखरा का रहने वाला है। उसने पुलिस को ब्यान दर्ज करवाया है कि वह बादली क्षेत्र के गांव याकुबपुर में फ्लिपकार्ट कंपनी में सुरक्षा गार्ड है। खेड़का गुज्जर की रहने वाली महिला से जान-पहचान है। बादली में वे किराये के कमरे में रहते थे। 4 जनवरी को वह और महिला मातन गांव के लिए चले थे। वहां पर महिला के बच्चे निजी स्कूल में पढ़ते हैं। स्कूल में महिला अपने बच्चों से मिलने चली गई। बाद में बाहर आई तो अपने पति के दोस्त के यहां चलने के लिए कहा। जब वे दोनों वहां पर चाय पी रहे थे तो इस बीच महिला के घर वाले दो गाड़ियों में आ पहुंचे। उन दोनों के साथ मारपीट की। बाद में महिला को वहीं छोड़ दिया जबकि उसे जबरन गाड़ी में डालकर खेड़का गुज्जर ले गए। वहां पर उसकी पिटाई की। हमलावरों की संख्या 10 के आसपास थी। जब उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्रित हो गए। इसके बाद हमलावर उसे धमकी देकर भाग निकले। इधर, बताया जा रहा है कि मामला बच्चों को लेकर था। इस संबंध में पुलिस मामला दर्ज कर तत्परता के साथ आगे की कार्रवाई और जांच करने में जुट गई है।