हरियाणा बंद को लेकर कार्यकर्ताओं की लगाई ड्यूटी
संवाद सूत्र, बादली : भाजपा की जनविरोधी नीतियों से हर वर्ग परेशान है और जनता चुनाव के इंतजार
संवाद सूत्र, बादली : भाजपा की जनविरोधी नीतियों से हर वर्ग परेशान है और जनता चुनाव के इंतजार में है ताकि वोट की चोट से भाजपा को सत्ता से उखाड़ा जा सके। यह बात इनेलो के जिलाध्यक्ष राकेश जाखड़ ने कही। उन्होंने कहा कि 8 सितंबर को इनेलो व बसपा पार्टी द्वारा हरियाणा बंद शांतिपूर्ण होगा और आम जन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। इनेलो जिलाध्यक्ष राकेश जाखड़ ने शुक्रवार को बादली मार्केट के दुकानदारों से मिलकर हरियाणा बंद को सफल बनाने के लिए आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष राकेश जाखड़ व हलका बादली अध्यक्ष मामन ठेकेदार ने कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां लगाई और हरियाणा बंद को सफल बनाने का आह्वान किया। इनेलो नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि
हरियाणा बंद को लेकर व्यापारियों में भी काफी उत्साह है। क्योंकि सरकार ने जीएसटी व नोटबंदी से व्यापारियों को बर्बाद करने का काम किया है। पेट्रोल व डीजल के बढ़ते दामों ने प्रदेश ही नहीं देश की जनता की कमर तोड़ कर रख दी है। भाजपा ने झूठ बोलकर सत्ता हासिल की है और लोग अब चुनाव के इंतजार में है। इस अवसर पर मुख्य रूप से हलका अध्यक्ष मामन ठेकेदार, अजय गुलिया जहांगीरपुर, मुकेश मुड़ाखेड़ा, संजय बाढ़सा, राजेन्द्र अहरी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इधर, जिला पार्षद हरेंद्र सिलाना ने भी आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में होने वाले चुनाव बड़े बदलाव का सूचक बनेंगे। जिस प्रकार से आज जनता सरकार की नीतियों से त्रस्त दिख रही है। वह बेशक ही परेशानी का विषय है। यहां बंद का आह्वान करते हुए लोगों से इसलिए सहयोग मांगा जा रहा है कि इस सरकार को पता चल सके कि जनता किन परेशानियों में अपना समय व्यतीत कर रही है। इसी क्रम में जिला के अन्य स्थानों से जुड़े हुए इनेलो नेताओं ने भी संपर्क करते हुए बंद को कामयाब करने के लिए सहयोग मांगा।