ससुराल वालों से तंग महिला जहरीला पदार्थ खाकर पहुंची महिला थाने
झज्जर। ससुराल वालों से तंग महिला शनिवार को जहरीला पदार्थ खाकर महिला
जागरण संवाददाता, झज्जर : ससुराल वालों से तंग महिला शनिवार को जहरीला पदार्थ खाकर महिला थाने में शिकायत देने पहुंची। जैसे ही महिला थाने के बाहर खड़ी एसएचओ को महिला ने शिकायत दी तो पीड़िता उल्टी करने लगी। पुलिस ने महिला को संभाला और बिगड़ी हालत को देखकर उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में लाया गया। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया। हालांकि, यह जांच का विषय है कि महिला जहरीला पदार्थ कहां से लेकर आई थी और थाना से कितनी दूरी पर उसने इसका सेवन किया। बॉक्स : बताते है कि गांव दुल्हेड़ा निवासी सविता देवी शनिवार को महिला थाने पहुंची थी। जहां पर उसने महिला थाने के बाहर खड़ी एसएचओ नीलम को ससुराल वालों के खिलाफ एक शिकायत दी। जिसमें उसने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने के आरोप भी लगाए गए है। बताते है कि इसी दौरान ही एकाएक महिला की तबीयत बिगड़ने लगी और उसके मुंह से झाग आदि निकलने शुरू हो गए। एकाएक बने इस हालात में महिला थाना में भी अफरा तफरी का माहौल बन गया। थाना की गाड़ी में महिला को सिविल अस्पताल में ले जाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया। बाद में डीएसपी शमशेर सिंह भी थाना में पहुंचे और पूछताछ की। हालांकि, काफी समय तक पुलिस की ओर से अपना पक्ष नहीं रखा गया था। क्योंकि एकाएक हुए इस घटनाक्रम के बाद किसी को कुछ समझ में ही नहीं आ पाया।
वहीं पुलिस ने महिला के परिजनों को भी इस घटना की सूचना दे दी है। मामले में आगे की कार्यवाही महिला या परिजनों के स्तर पर दिए जाने वाले बयान के आधार पर चलेगी। - पता चला है कि महिला जहरीला पदार्थ खाकर ही थाने में शिकायत देने पहुंची थी। जिसे तुरंत अस्पताल में पहुंचाया गया। फिलहाल पुलिस रोहतक पीजीआइ में महिला के बयान दर्ज करने के लिए गई हुई है। बयानों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
- डीएसपी शमशेर सिंह