अकेहड़ी मदनपुर पंप हाउस में मिला शव, नहीं हो पाई पहचान
संवाद सूत्र साल्हावास गांव अकेहड़ी मदनपुर से निकल रही जेएलएन के पंप हाउस पर मंगलवार
संवाद सूत्र, साल्हावास :
गांव अकेहड़ी मदनपुर से निकल रही जेएलएन के पंप हाउस पर मंगलवार सुबह एक व्यक्ति का गली-सड़ी अवस्था में शव मिला है। पंप पर ड्यूटी दे रहे कर्मचारियों ने शव को देखा तो इसकी सूचना साल्हावास पुलिस को फोन के माध्यम से दी। सूचना मिलते ही साल्हावास थाना की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए मौके पर ही बुलाया गया।
जांच अधिकारी एएसआइ अशोक कुमार ने बताया कि शव को देखकर प्रतीत हो रहा है कि मृतक की उम्र करीब 40-45 वर्ष है। शव 15 से 20 दिन पानी में रहा है। जिसके कारण शव गली-सड़ी अवस्था में मिला है। मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। पहचान के लिए शव को जिला अस्पताल के शवगृह में 72 घंटे के लिए रखवाया गया है। साथ ही आसपास के पुलिस थानों व चौकियों में भी इसकी सूचना दे दी गई है। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
फिसलकर गिरने से जख्मी हुए बुजुर्ग ने दम तोड़ा
गांव आसंडा के नजदीक फ्लाईओवर पर बने डिवाइडर पर फिसलकर गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मांडौठी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल में भिजवाया। इस संबंध में घटना को संयोग मानकर कार्रवाई की गई है। मृतक की पहचान भापड़ौदा निवासी किला सिंह के रूप में हुई। बताया गया है कि किला सिंह जब आसंडा के नजदीक फ्लाईओवर से गुजर रहा था तो अचानक उसका पैर फिसल गया। इससे वह सड़क पर जा गिरा। इस हादसे में लगी चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। मांडौठी पुलिस चौकी से जांच अधिकारी राजू ने बताया कि मृतक के भाई राजेंद्र सिंह के बयान पर घटना को लेकर रिपोर्ट दर्ज की गई है।