झज्जर में कुत्ते को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराई कार, दो महिलाओं की मौत
झज्जर के गोच्छी गांव के पास एक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कार चालक और दो बच्चे मामूली रूप से घायल हुए।
-1792517042209_m.webp)
झज्जर सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत।
HighLights
गोच्छी गांव के पास सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत।
कुत्ते को बचाने के प्रयास में कार पेड़ से टकराई।
चालक और दो बच्चों को मामूली चोटें आईं।
जागरण संवाददाता, झज्जर। जिले के गोच्छी गांव के पास सोमवार देर शाम एक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कार चला रहे युवक और दो मासूम बच्चों को हल्की चोटें आईं। यह हादसा उस समय हुआ जब अचानक कार के सामने कुत्ता आ जाने के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
कुत्ते को बचाने के चक्कर में हुआ भीषण हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, मृत महिलाओं की पहचान सोनीपत जिले के ठसका गांव निवासी कोमल (पत्नी हैप्पी) और मुनेश (पत्नी संजीव) के रूप में हुई है। हैप्पी अपनी पत्नी कोमल, सास मुनेश और दो छोटे बच्चों के साथ अपनी कार में सवार होकर बेरी की तरफ जा रहा था।
जैसे ही उनकी कार गोच्छी गांव के समीप पहुंची, अचानक सड़क पर एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के लिए चालक हैप्पी ने कार को मोड़ने का प्रयास किया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जोरदार तरीके से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
अस्पताल ले जाते समय हुआ गमगीन माहौल
इस भयानक हादसे में कार सवार मुनेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल कोमल को स्थानीय राहगीरों और पुलिस की सहायता से तुरंत रोहतक पीजीआइ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे भी मृत घोषित कर दिया। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में चालक हैप्पी और दोनों बच्चों को मामूली चोटें ही आईं।
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही बेरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया। मामले की जांच अधिकारी अनिता ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर आगामी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
