विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झज्जर और बहादुरगढ़ में 4 और 5 जुलाई को होगी HTET परीक्षा, 14 केंद्रों पर बैठेंगे 8 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी

Published: Tue, 30 Jun 2026 03:25 PM (IST)

उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने झज्जर और बहादुरगढ़ में 4 व 5 जुलाई को होने वाली एचटेट परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की।

झज्जर और बहादुरगढ़ में 4 और 5 जुलाई को होगी HTET परीक्षा (प्रतीकात्मक फोटो)

झज्जर और बहादुरगढ़ में 4 और 5 जुलाई को होगी HTET परीक्षा (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. एचटेट परीक्षा 4 और 5 जुलाई को होगी आयोजित।

  2. झज्जर व बहादुरगढ़ में कुल 14 केंद्र बनाए गए।

  3. 8649 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम।

जागरण संवाददाता, झज्जर। आगामी 4 व 5 जुलाई को आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने लघु सचिवालय स्थित सभागार में संबंधित प्रशासनिक व शिक्षा विभाग के अधिकारियों की एक अहम बैठक ली।

मंगलवार को आयोजित बैठक में परीक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) रतिंद्र सिंह व निपुण जिला कार्डिनेटर डा. सुदर्शन पूनिया ने परीक्षा को लेकर किए गए प्रबंधों की विस्तृत जानकारी उपायुक्त के समक्ष रखी।

झज्जर में 11 और बहादुरगढ़ में स्थापित किए 3 केंद्र

उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने बताया कि एचटेट परीक्षा के सफल संचालन के लिए कुल 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 11 केंद्र झज्जर शहर तथा 3 केंद्र बहादुरगढ़ में स्थापित किए गए हैं।

इन सभी केंद्रों पर कुल 8649 परीक्षार्थियों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है। दो दिनों तक चलने वाली तीनों लेवल की इस परीक्षा की पल-पल की निगरानी के लिए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में एक विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा।

बैठक में उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों सहित सभी केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, बिजली, बैठने की उचित व्यवस्था, स्वच्छता और सुचारू यातायात प्रबंधन समय रहते सुनिश्चित कर लिया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी किए गए सभी दिशा-निर्देशों की पूरी गंभीरता से पालना की जाए ताकि परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके। समीक्षा बैठक में एडीसी जगनिवास, एसडीएम रवि मीणा, नगराधीश रितु, सहायक पुलिस आयुक्त अनिरुद्ध चौहान, हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक अनित यादव सहित शिक्षा विभाग और अन्य संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

परीक्षा की तारीख सत्र (Session) परीक्षा का स्तर (Level) परीक्षा का समय परीक्षार्थियों की संख्या
4 जुलाई सायंकालीन (Evening) लेवल-3 दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक 2,480
5 जुलाई प्रातःकालीन (Morning) लेवल-2 सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक 4,352 (सबसे ज़्यादा)
5 जुलाई सायंकालीन (Evening) लेवल-1 दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक 1,817

कुल परीक्षार्थी: 8,649