अकेहड़ी मदनपुर के जोहड़ का गंदा पानी कर रहा पशुओं को बीमार, अनदेखी का शिकार
संवाद सूत्र साल्हावास गांव अकेहड़ी मदनपुर के जोहड़ का गंदा पानी ग्रामीणों के लिए परेशान
संवाद सूत्र, साल्हावास : गांव अकेहड़ी मदनपुर के जोहड़ का गंदा पानी ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। पानी गंदा होने के कारण पशु बीमार हो रहे है। जिसका सीधा नुकसान पशुपालकों को उठाना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर अधिकारियों को भी अवगत करवाया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं हो पाया है। हालांकि गंदगी के कारण जोहड़ में पाली जा रही मछलियां भी मरने लगी है। ऐसी स्थिति में जोहड़ में गंदगी दोगुनी बढ़ जाती हैं और समस्या भी। गांव अकहेड़ी मदनपुर निवासी नरेश, संजय, रामपाल, विकास आदि ने कहा कि जोहड़ की सफाई कई वर्षों से नहीं हुई है। वहीं गांव से निकलने वाले गंदे पानी का नाला भी जोहड़ में ही छोड़ा गया है। जिस कारण पूरे गांव की गंदगी बहकर जोहड़ में आ रही है। जबकि, जोहड़ का पानी पशुओं के लायक भी नहीं बचा। ग्रामीण मजबूरी में अपने पशुओं को जोहड़ में लेकर जाते हैं। वहीं प्रशासन की ओर से जोहड़ में मछली पालन का ठेका छोड़ा गया है। इसीलिए, ठेकेदार द्वारा जोहड़ में मछलियां पाली जा रही है। जिसकी शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई। संज्ञान लेते हुए मरी हुई मछलियों को तो जोहड़ से निकाल लिया गया है। जबकि, जोहड़ का साफ होना शेष है।