आसमान से बरस रही आग, जनजीवन हुआ प्रभावित
जागरण संवाददाता, झज्जर : इन दिनों पड़ रही तन को झुलसा देने वाली गर्मी का असर जनजीवन पर पड़ रहा है। दोप
जागरण संवाददाता, झज्जर : इन दिनों पड़ रही तन को झुलसा देने वाली गर्मी का असर जनजीवन पर पड़ रहा है। दोपहर से पूर्व ही सड़कें और बाजार सुनसान होने लगते हैं। क्योंकि सूर्यदेव की प्रचंड किरणों का तांडव सुबह करीब 9 बजे ही शुरू हो जाता है। धीरे-धीरे जब दिन चढ़ता है तो तापमान में भी बढ़ोतरी होने लगती है। देर शाम तक गर्मी का असर जारी रहता है। लोग दोपहर से पूर्व ही घरों और कार्यालयों में कैद होने लगते हैं और शाम को घरों से बाहर निकलने लगते हैं। दिन के समय बाजारों और सड़कों पर छाया सन्नाटा शाम के समय टूटने लगता है। बाजारों में शाम के समय चहल कदमी बढ़ जाती है। सुबह और शाम के समय लोग बाजारों में खरीदारी का दौर चलता है। जबकि दोपहर के समय बाजारों में दुकानदार खाली बैठे रहते हैं। इन दिनों जरूरी सामान की खरीदारी करने के लिए ही लोग बाजारों में आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को दिन भर मौसम उमस भरा रहा। कूलर और पंखे की हवा में भी पसीने सूखने का नाम नहीं ले रहे थे। जबकि अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
---
मौसम विभाग का पूर्वानुमान नहीं उतरा खरा
मौसम विभाग ने बुधवार और बृहस्पतिवार को आंशिक बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई थी। लेकिन मौसम विभाग का पूर्वानुमान खरा नहीं उतरा है। लोग वर्षा होने का इंतजार कर रहे हैं। ताकि गर्मी से कुछ राहत मिल सके। जबकि मौसम विभाग के फिलहाल के पूर्वानुमान के अनुसार इस सप्ताह वर्षा होने की संभावना दिखाई नहीं दे रही है।