रोडवेज तालमेल कमेटी का श्रीराम पार्क में धरना जारी
जागरण संवाददाता, झज्जर : स्थानीय श्रीराम पार्क में हरियाणा रोडवेज तालमेल कमेटी का धरना श्
जागरण संवाददाता, झज्जर : स्थानीय श्रीराम पार्क में हरियाणा रोडवेज तालमेल कमेटी का धरना शुक्रवार को भी जारी रहा। धरनारत कर्मचारियों के समर्थन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के अलावा धनखड़ खाप प्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर अपना समर्थन दिया। कर्मचारी नेताओं ने सरकार पर हठधर्मिता का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की हठधर्मिता के आगे कर्मचारी भी नहीं झुकेगें। धरनारत कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
उधर, धरनास्थल पर कर्मचारियों ने रागिनियों का भी आनंद लिया। हुक्के की गुड़गड़ाहट के बीच कर्मचारी आगामी चार नवबंर को जींद में होने वाली रैली के रणनीति बनाते हुए भी दिखाई दिए। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य सचिव राजेंद्र जुलाना ने बताया कि कर्मचारियों ने शुक्रवार को काले बिल्ले लगाकर सरकार के प्रति अपना रोष प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के आंदोलन ने अब जन आंदोलन का रूप ले लिया है। चार नवंबर को रोडवेज बचाओ रैली में भी काफी संख्या में कर्मचारी भाग लेंगे। जिसके लिए तैयारियां की जा रही है। अलग- अलग विभागों में कर्मचारियों को ड्यूटियां सौपी जा रही है। सरकार की कर्मचारी विरोधियों के प्रति कर्मचारियों के अलावा आमजन में भी रोष बनने लगा है। जिसका परिणाम है कि खाप पंचायते भी अब हड़ताली कर्मचारियों का समर्थन कर रही है। उन्होंने कहा कि निजी बस चालक अपनी मनमर्जी चला रहे है और सरकार और विभागीय अधिकारी अपनी आंखे बंद किए हुए बैठे है।