'अब मेरे जनाजे पर ही आना...', झज्जर में रिटायर्ड नेवी ऑफिसर ने की आत्महत्या; वारदात से पहले बहन से की थी बात
झज्जर के चमनपुरा गांव में 72 वर्षीय सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी ब्रह्मप्रकाश ने लाइसेंसी हथियार से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

झज्जर में रिटायर्ड नेवी ऑफिसर ने की आत्महत्या (फाइल फोटो)
HighLights
झज्जर में 72 वर्षीय सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी ने आत्महत्या की।
मानसिक तनाव के कारण लाइसेंसी हथियार से खुद को गोली मारी।
आत्महत्या से पहले बहन को फोन कर जनाजे पर बुलाया था।
जागरण संवाददाता, झज्जर। जिले के चमनपुरा गांव में भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त 72 वर्षीय ब्रह्मप्रकाश ने बुधवार को घर के बाहर लाइसेंसी हथियार से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
वारदात से ठीक पहले उन्होंने अपनी बहन को फोन कर व्यथित मन से कहा था कि "अब मेरे जनाजे पर ही आना।" हालांकि, इसके पीछे का कारण क्या रहा, को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पईं।
अस्पताल में पहुंचे मृतक के बेटे सुरेंद्र के अनुसार, उनके पिता घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर अपनी बहन विमला से फोन पर बात कर रहे थे। बहन से बातचीत के दौरान उन्होंने जनाजे पर आने की बात कही और इसके तुरंत बाद पहले एक हवाई फायर किया, फिर अपनी ही लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली।
स्वजनों ने बताया कि ब्रह्मप्रकाश पिछले कुछ समय से गहरे मानसिक आघात में थे। करीब एक वर्ष पूर्व उनकी माताजी का और महज एक माह पहले उनके छोटे भाई विनोद का निधन हो गया था। लगातार दो मौतों के गम और बीपी व शुगर की बीमारी के कारण वे अत्यधिक मानसिक तनाव में चल रहे थे।
बता दें कि 72 वर्षीय ब्रह्मप्रकाश वर्ष 1988 में भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके पश्चात उन्होंने हरियाणा सरकार के अधीन दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में भी सेवाएं दी थीं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने लाइसेंसी हथियार को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। परिजनों ने किसी भी रंजिश या पारिवारिक विवाद से साफ इनकार किया है।
