व्यापारियों और लोगों की सुरक्षा के प्रति गंभीर हो पुलिस प्रशासन : छिकारा
दो दिन पहले भाजपा नेता राजपाल शर्मा के भतीजे की चेन छीनी गई और गोली मार दी गई। ऐसे में व्यापारी व दुकानदार खौफ में है। यह बात प्रदेश व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष सतीश छिकारा ने कही।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ : लॉकडाउन के कारण पैदा हुए आर्थिक संकट से व्यापारी वर्ग अभी बाहर भी नहीं निकला और आपराधिक तत्व इस वर्ग के लिए खतरा व परेशानी बन रहे हैं। दो दिन पहले भाजपा नेता राजपाल शर्मा के भतीजे की चेन छीनी गई और गोली मार दी गई। ऐसे में व्यापारी व दुकानदार खौफ में है। यह बात प्रदेश व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष सतीश छिकारा ने कही। वे भाजपा नेता के भतीजे बेकरी संचालक सौरभ का हाल जानने पहुंचे थे।
छिकारा ने कहा कि बहादुरगढ़ में पुलिस जगह-जगह मास्क के तो चालान काटने में व्यस्त है, लेकिन व्यापारियों और लोगों की सुरक्षा के प्रति गंभीर नहीं है। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन रहे हैं। ऐसे में व्यापारियों व आम लोगों को सुरक्षा का विश्वास दिलाना अत्यंत आवश्यक है ताकि व्यापारी व आम आदमी बेखौफ होकर अपना काम कर सकें। छिकारा ने कहा कि प्रशासन इस तरह की वारदातों का खुलासा जल्द से जल्द करे वरना व्यापारी सड़क पर आकर आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।