यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 06, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
त्योहारी सीजन में बढ़ी सवारियां, प्रतिदिन 13 हजार से अधिक लोग कर रहे बसों में सफर
-रोडवेज ने की भैया दूज पर स्पेशल बसें चलाने की तैयारी ताकि ना हो सवारियों को परेशानी

जागरण संवाददाता,झज्जर : भैया दूज पर सवारियों की संख्या बढ़ने पर रोडवेज ने अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी कर रखी थी। ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी ना उठानी पड़े। फिलहाल झज्जर डिपो की लगभग सभी बसें विभिन्न रूटों पर दौड़ने लगी हैं। एक समय कोरोना महामारी के कारण रोडवेज का पहिया थम सा गया था। लेकिन अब धीरे-धीरे बसों व सवारियों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। जिसकी बदौलत अब झज्जर डिपो की सभी 103 बसें रूटों पर चलने लगी हैं। रोडवेज बसों के चलने की प्रक्रिया सामान्य होती जा रही है। हरियाणा पुलिस कांस्टेबल व त्योहारी सीजन को देखते हुए रोडवेज में सफर करने वाली सवारियों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। जहां हरियाणा पुलिस कांस्टेबल परीक्षा को लेकर स्पेशल बसें चलाई, साथ ही जिन रूटों पर परीक्षाएं थी उन पर सवारियों की भरमार रही। वहीं अब त्योहारी सीजन के कारण भी काफी सवारियां बसों में पहुंच रही है। इसका असर आगामी दिनों में भी रहने का अनुमान है। फिलहाल हर रोज 13-14 हजार सवारियां झज्जर बस स्टैंड से विभिन्न रूटों पर सफर करती हैं। जिससे अनुमान लगाया जा सकता है कि रोडवेज बसें भी अब रफ्तार पकड़ने लगी हैं।
त्योहारी सीजन को देखते हुए रोडवेज ने सवारियों के अनुसार बस चलाई। जिस भी रूट पर सवारियों की संख्या अधिक दिखी, उसी रूट पर स्पेशल बस को रवाना कर दिया। इसी उद्देश्य से भैया दूज पर भी अतिरिक्त बसों को रखा गया था। ताकि जिस भी रूट पर सवारियां अधिक होंगी, उस रूट पर बसें चलाई जा सके। लेकिन जो सवारियां पहुंची उन्होंने सामान्यत: चलने वाली बसों में ही सफर किया। अधिक भीड़ नहीं होने के कारण स्पेशल बसों को भी चलाने की जरूर नहीं पड़ी। भैया दूज का सवारियों पर असर जरूर दिखाई दिया। शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रही। इसका असर बस स्टैंड पर भी देखने को मिला। जहां शुक्रवार को सुबह के समय बस स्टैंड पर एकाध सवारियां ही मौजूद थी, वहीं शनिवार को काफी सवारियां सुबह ही बस स्टैंड पर यात्रा के लिए पहुंच गई थी।
-झज्जर बस स्टैंड के स्टेशन सुपरवाइजर प्रमोद ने बताया कि झज्जर डिपो की कुल 103 बसें चल रही हैं। भैया दूर पर यात्रा के लिए पहुंचने वाले यात्रियों ने रूटीन में चल रही बसों में ही सफर किया। अतिरिक्त बस चलाने की जरूरत नहीं पड़ी। हालांकि अधिक सवारियां बढ़ती तो वे स्पेशल बसें चलाते। इसकी तैयारी की हुई है।
