हमारा भगत सिंह आज भी जिदा, लोगों के दिलों में रहता हैं- यादवेंद्र सिंह
जागरण संवाददाता झज्जर शहीदी दिवस के पावन उपलक्ष्य में शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। स
जागरण संवाददाता, झज्जर : शहीदी दिवस के पावन उपलक्ष्य में शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। सैकड़ों की संख्या में बाइक और गाड़ियों में सवार युवा शहर में शहीद भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव अमर रहे के नारे लगाते हुए भगत सिंह चौक पर पहुंचे। यात्रा के दौरान शहीद भगत सिंह के पोते यादवेंद्र सिंह और गांव भदानी के शहीद विक्रांत सहरावत के परिजन भी मौजूद रहे। शहीद विक्रांत सहरावत के बेटे को गोद में उठाए हुए यादवेंद्र सिंह ने विक्रांत सहरावत की पत्नी, पिता और माता के साथ प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। बाद में संदेश देते हुए कहा कि कौन कहता है कि हमारा भगत सिंह आज जिंदा नहीं है, हमारा भगत सिंह आज भी जिदा है और लोगों के दिलों में रहता है। आजादी से पूर्व जब युवा जागा था तब उन्होंने देश को आजाद करवाया था। अब भी युवाओं को अपनी जिम्मेवारी समझनी चाहिए। अगर आज युवा अपनी जिम्मेवारी समझते हुए जागरूक रहता है तो वो दिन अब दूर नहीं जब भारत एक बार फिर विश्व गुरू बनेगा। उन्होंने कहा कि शहीदों के नाम पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। जो देश शहीदों का सम्मान नहीं करता उसका ना तो आज रहता है और ना ही कल बचता है। उन्होंने झज्जर की भूमि को नमन करते हुए कहा कि झज्जर की भूमि वीरों की भूमि है। आजादी से पूर्व और आजादी के बाद देश की रक्षा करने में यहां के युवाओं ने अपनी जान की बाजी लगाते हुए देश की रक्षा की है।