हरियाणा में 24वें दिन भी सफाई कर्मचारियों का धरना जारी, झज्जर में प्रतिदिन निकल रहा 26.98 टन कचरा
झज्जर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 24वें दिन भी जारी है, जिससे शहर में प्रतिदिन 26.98 टन कूड़ा जमा हो ...और पढ़ें

हरियाणा में 24वें दिन भी सफाई कर्मचारियों का धरना जारी (फाइल फोटो)
HighLights
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 24वें दिन भी जारी
शहर में प्रतिदिन 26.98 टन कूड़ा जमा हो रहा
दुर्गंध, प्रदूषण और स्वास्थ्य जोखिम से नागरिक परेशान
जागरण संवाददाता, झज्जर। शहर में सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल और नगर परिषद कार्यालय परिसर में जारी धरने को शनिवार को 24 दिन पूरे हो गए। सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप होने से शहर में प्रतिदिन निकलने वाले करीब 26.98 टन कूड़े का नियमित एक तरह से उठान बंद पड़ा है।
नतीजतन, शहर के मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों और रिहायशी क्षेत्रों में कचरे के विशाल ढेर लग चुके हैं। गर्मी व उमस के कारण सड़े हुए कूड़े से तीखी दुर्गंध उठ रही है, जिससे आम जनता का जीना मुहाल हो गया है।
125 टन कूड़ा उठाने का प्रशासनिक प्रयास निष्प्रभावी
प्रशासन ने तीन दिन पहले रात करीब दो बजे जेसीबी व अन्य संसाधनों की मदद से लगभग 125 टन कूड़ा उठवाकर स्थिति सुधारने का प्रयास किया था। हालांकि, नियमित उठान न होने के कारण अगले ही दिन शहर में फिर से कूड़े के ढेर जमा हो गए।
धरना दे रहे सफाई कर्मचारियों के विरोध के कारण यह अस्थायी प्रयास भी शहर को राहत नहीं दिला सका और एक बार फिर से व्यवस्था पुनः पटरी से उतर गई।
डोर-टू-डोर व्यवस्था ठप, पॉलिथीन जलाने से फैला प्रदूषण
हड़ताल के कारण घरों और दुकानों से डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने का काम भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। विवश होकर लोग सड़कों के किनारे ही कचरा फेंक रहे हैं। वहीं, कुछ स्थानों पर दुकानदारों व असामाजिक तत्वों द्वारा कूड़े और पॉलिथीन में आग लगाई जा रही है। इससे उठने वाले जहरीले धुएं से हवा प्रदूषित हो रही है और राहगीरों को आंखों में जलन व सांस लेने में तकलीफ का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्य बाजारों में बिगड़े हालात, नागरिकों ने उठाई समाधान की मांग
शहर के पुराना बस अड्डा, बीकानेर चौक, धौड़ चौक, मेडिकल चौक तथा भगत सिंह चौक जैसे व्यस्ततम क्षेत्रों में कूड़े के अंबार लगे हुए हैं। स्थानीय निवासी मनजीत सिंह, रंजीत, मुकेश कुमार, विकास वर्मा, ममता, सोनू, साहिल, करतार सिंह, धर्मवीर सिंह और सुनीता ने बताया कि सफाई व्यवस्था ध्वस्त होने से जनस्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। शहरवासियों ने जिला प्रशासन से कर्मचारियों की मांगों का जल्द निपटारा कराने और शहर में नियमित सफाई व कूड़ा उठान सुनिश्चित करने की मांग की है।
