विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झज्जर में राशन की दुकानों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, 10 नवंबर तक ऐसे करें ऑनलाइन अप्लाई

Published: Sat, 10 Oct 2026 03:32 PM (IST)

झज्जर जिले में नए उचित मूल्य की दुकानों के लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसकी अंतिम तिथि 10 नवंबर 2026 है।

झज्जर में राशन की दुकानों के लिए अप्लाई करें (फाइल फोटो)

झज्जर में राशन की दुकानों के लिए अप्लाई करें (फाइल फोटो)

HighLights

  1. झज्जर में नए राशन डिपो लाइसेंस के लिए आवेदन शुरू

  2. महिलाओं के लिए 33% आरक्षण का विशेष प्रावधान

  3. ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 नवंबर 2026

जागरण संवाददाता, झज्जर। प्रदेश के गरीब एवं पात्र परिवारों को राशन प्राप्त करने में होने वाली कठिनाइयों को दूर करने, युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर सृजित करने और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा नए उचित मूल्य की दुकानों के लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।

डीएफएससी आदित्य कौशिक ने बताया, इसके तहत 10 अक्टूबर 2026 को आधिकारिक पोर्टल का शुभारंभ किया गया है, जिसके माध्यम से योग्य एवं इच्छुक आवेदक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उचित मूल्य की दुकानों के ऑनलाइन आवेदन हेतु अंतिम तिथि 10 नवंबर 2026 निश्चित की गई है।

महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान

इस पहल के अंतर्गत लाइसेंसों के आवंटन में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का विशेष प्रावधान किया गया है, जिससे महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनने का अवसर मिलेगा।

इसका मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को आवश्यक खाद्यान्नों की सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित करना और जमीनी स्तर पर सार्वजनिक सेवाओं के वितरण को अधिक सुदृढ़ बनाना है।

झज्जर जिले में ब्लॉक-वार रिक्तियों का विवरण

झज्जर ब्लाक में 22, मतान्हाइल ब्लाक में 19, बादली ब्लाक में 11, साल्हावास ब्लाक में 11, माछरौली ब्लाक में 8, बेरी ब्लाक में 7, और बहादुरगढ़ ग्रामीण ब्लाक में 7 रिक्तियां उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त शहरी क्षेत्रों के अंतर्गत, बहादुरगढ़ नगर परिषद में 9 और झज्जर नगर पालिका में 2 वार्डों में डिपो हेतु रिक्तियां उपलब्ध हैं।

ऐसे करें आवेदन और ये हैं जरूरी निर्देश

इच्छुक एवं पात्र आवेदक हरियाणा अंत्योदय सरल पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभाग द्वारा सभी पात्र आवेदकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं से अपील की जाती है कि वे सरल पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने से पूर्व निर्धारित दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लें और निर्धारित अंतिम तिथि 10 नवंबर 2026 से पहले इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं।