झज्जर में हड़ताल 4 दिन और बढ़ी, अब 13 सितंबर तक जारी रहेगा कर्मचारियों का आंदोलन
नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और अग्निशमन विभाग कर्मचारी संघ की हड़ताल चार दिन और बढ़ा दी गई है, अब यह 13 सितंबर तक जारी रहेगी।

झज्जर में नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल 13 सितंबर तक बढ़ी।
HighLights
हड़ताल 10 से 13 सितंबर तक चार दिन और बढ़ी।
कर्मचारी अपनी मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रखेंगे।
दिवंगत कर्मचारियों को श्रद्धांजलि दी गई, आंदोलन तेज करने की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, झज्जर। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी संघ हरियाणा की ओर से चल रही हड़ताल को चार दिन और बढ़ा दिया गया है। अब कर्मचारी 10, 11, 12 और 13 सितंबर को भी हड़ताल पर रहेंगे।
इस संबंध में राज्य प्रधान नरेश शास्त्री और राज्य सचिव मांगेराम तिगरा की ओर से सूचना जारी की गई है। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा एवं सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर परिषद झज्जर के सभी सफाई कर्मचारी बुधवार को हड़ताल के 35वें दिन भी आंदोलन स्थल पर डटे रहे। कर्मचारियों ने कहा कि सरकार की ओर से उनकी मांगों का समाधान नहीं किए जाने तक आंदोलन जारी रहेगा।
विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने दिया समर्थन
हड़ताल स्थल पर कर्मचारियों के समर्थन में सर्व कर्मचारी संघ से राजेंद्र जुलाना, जिला प्रधान रामवीर, पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन रजिस्टर नंबर-41 के राज्य उपप्रधान अजय, जिला प्रधान नवीन ओल्हान, कोषाध्यक्ष हरेंद्र, आईबी से जगदीश, कमल खेतावास, जगबीर छोछी और जयपाल बेलदार सहित कई कर्मचारी नेता पहुंचे। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के राज्य कैशियर संदीप और मास्टर राजवीर सिंह झज्जर ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया।
दिवंगत कर्मचारियों को दी श्रद्धांजलि
हड़ताल के दौरान कथित उत्पीड़न और दमन की कार्रवाई से आहत कर्मचारियों के साथियों की मृत्यु के बाद श्रद्धांजलि सभा भी आयोजित की गई। नगर परिषद झज्जर से राजेश, नगर परिषद कुरुक्षेत्र से रोहित तथा नगर निगम करनाल से कुलदीप, सूरज सहित दिवंगत कर्मचारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार यदि मांगों का समाधान नहीं करती है तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी।
अब राज्य कमेटी की तरफ से चार की हड़ताल को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है। 10, 11, 12 और 13 सितंबर को भी सभी सफाई कर्मी हड़ताल पर रहेंगे। जब तक सरकार की तरफ से मांगे नहीं मानी जाती हैं। उस समय तक हड़ताल जारी रहेगी। -शिवम चावरिया, नगर पालिका कर्मचारी संघ, झज्जर।
